सिरसिया स्थित बीएनएस डीएवी विद्यालय में ऊर्जा दक्षता ब्यूरो, भारत सरकार (BEE) के दिशा-निर्देश पर ऊर्जा संरक्षण को लेकर जनजागरूकता फैलाने हेतु एक भव्य चित्रकला प्रतियोगिता का आयोजन किया गया। इस प्रतियोगिता में कक्षा 5 से लेकर कक्षा 10 तक के छात्रों ने भाग लिया और अपने रंगों के माध्यम से ऊर्जा बचत का सशक्त संदेश दिया। बच्चों ने सौर ऊर्जा, पवन ऊर्जा, पेट्रोल-डीजल की बचत, कोयले के सीमित उपयोग तथा पर्यावरण संरक्षण जैसे महत्वपूर्ण विषयों पर आकर्षक चित्र बनाए। विद्यालय प्रांगण बच्चों की रचनात्मकता और संदेशों से भरे रंगों से निखर उठा। प्रतियोगिता का उद्देश्य बच्चों के माध्यम से समाज को यह संदेश देना था कि ऊर्जा बचाना ही भविष्य को सुरक्षित बनाना है।

विद्यालय के प्राचार्य सचिन गर्ग ने कहा कि “ऊर्जा संरक्षण केवल एक विकल्प नहीं, बल्कि आज की आवश्यकता है। ऊर्जा के सभी स्रोत सीमित हैं और उनका विवेकपूर्ण उपयोग ही हमें आने वाले संकटों से बचा सकता है। हमें अपने दैनिक जीवन में छोटी-छोटी आदतों से भी बड़ी बचत कर सकते हैं, जैसे बिजली की बर्बादी रोकना या वैकल्पिक ऊर्जा स्रोतों का उपयोग करना।” उन्होंने यह भी कहा कि यह जिम्मेदारी केवल सरकार या संस्थानों की नहीं, बल्कि हर नागरिक की है कि वह ऊर्जा संरक्षण में योगदान दे। कार्यक्रम को सफल बनाने में विद्यालय के शिक्षकों और शिक्षिकाओं ने महत्वपूर्ण भूमिका निभाई और छात्रों के उत्साहवर्धन में कोई कमी नहीं रखी।












