गिरिडीह, 14 अक्टूबर 2025: जिला प्रशासन द्वारा सुशासन को सशक्त बनाने और आम जनता की समस्याओं के त्वरित समाधान हेतु प्रत्येक मंगलवार एवं शुक्रवार को जनता दरबार का आयोजन किया जा रहा है। इस पहल का उद्देश्य नागरिकों की शिकायतों को सुनना और समयबद्ध रूप से उनका निराकरण सुनिश्चित करना है। इसी क्रम में आज जिला उपायुक्त श्री रामनिवास यादव की अध्यक्षता में समाहरणालय परिसर स्थित कार्यालय प्रकोष्ठ में साप्ताहिक जनता दरबार आयोजित किया गया, जिसमें सैकड़ों नागरिकों ने भाग लेकर अपनी समस्याएं रखीं। उपायुक्त ने प्रत्येक शिकायत को गंभीरता से सुना और तत्काल संबंधित विभागों को निर्देशित किया कि सभी मामलों का निष्पादन प्राथमिकता के आधार पर किया जाए। कई शिकायतों का मौके पर ही समाधान किया गया, जिससे लोगों में प्रशासन के प्रति विश्वास और भी मजबूत हुआ है। जनता दरबार में भूमि विवाद, पेंशन, सामाजिक सुरक्षा योजनाओं, शिक्षा, स्वास्थ्य एवं राशन से संबंधित अनेक शिकायतें प्राप्त हुईं, जिन पर उपायुक्त ने आवश्यक निर्देश देते हुए पारदर्शिता एवं जवाबदेही पर विशेष बल दिया।
उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने बताया कि जनता दरबार आमजनों के साथ प्रशासन के बीच संवाद का प्रभावी माध्यम है। मंगलवार और शुक्रवार को आयोजित इस दरबार में जिले के विभिन्न हिस्सों से नागरिक बड़ी संख्या में पहुंचकर अपनी समस्याएं साझा कर रहे हैं। उन्होंने बताया कि जनता दरबार में प्राप्त शिकायतों को अब जन समाधान पोर्टल के माध्यम से संबंधित विभागों को भेजा जा रहा है, जिससे शिकायतों के निवारण में पारदर्शिता और गति बनी रहे। उपायुक्त ने अधिकारियों को निर्देश दिया कि सभी लंबित मामलों का समयबद्ध निष्पादन सुनिश्चित करें और जनता की अपेक्षाओं पर खरा उतरें। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का लक्ष्य है कि हर नागरिक तक सरकारी सेवाएं सुलभ और न्यायपूर्ण तरीके से पहुंचे, ताकि ‘सुशासन’ की अवधारणा को जमीनी स्तर पर उतारा जा सके। जनता दरबार के प्रति लोगों का विश्वास लगातार बढ़ रहा है, जो प्रशासन और जनता के बीच मजबूत सहभागिता का प्रतीक है।












