Aba News

धनबाद एनकाउंटर: पुलिस और अपराधियों के बीच मुठभेड़ में जमशेदपुर का कुख्यात अपराधी भानु माजी घायल, हथियार के साथ गिरफ्तार

धनबाद में मंगलवार की सुबह पुलिस और अपराधियों के बीच हुई मुठभेड़ ने पूरे इलाके में सनसनी फैला दी। राजगंज-तेतुलमारी मार्ग स्थित झमाड़ा का जलागाह के पास तेतुलमारी थाना पुलिस ने गुप्त सूचना के आधार पर चेकिंग अभियान चला रखा था। सुबह करीब पांच बजे राजगंज की दिशा से आ रही नीले रंग की बिना नंबर प्लेट की हीरो होंडा मोटरसाइकिल को रोकने की कोशिश की गई। पुलिस को देखते ही बाइक सवार ने फायरिंग शुरू कर दी, जिसमें एक गोली पुलिस वाहन के सामने वाले हिस्से में जा लगी। इसके बाद अपराधी जंगल की ओर भागने लगे, लेकिन पुलिस ने तुरंत जवाबी कार्रवाई करते हुए एक को धर दबोचा। मुठभेड़ में जमशेदपुर निवासी कुख्यात अपराधी भानु माजी उर्फ जीतन मांझी के पैर में गोली लगने से वह घायल हो गया।

घायल अपराधी को इलाज के लिए तत्काल धनबाद के एक निजी अस्पताल में भर्ती कराया गया। पुलिस ने मौके से एक 9 एमएम पिस्टल और बाइक बरामद की है। पुलिस जांच में खुलासा हुआ है कि भानु माजी कुख्यात प्रिंस खान गिरोह के लिए काम करता था और उसके खिलाफ जमशेदपुर, बोकारो समेत कई जिलों में आपराधिक मामले दर्ज हैं। घटना की सूचना मिलते ही एसएसपी, सिटी एसपी, ग्रामीण एसपी, बाघमारा डीएसपी सहित कई थानों की पुलिस मौके पर पहुंची और पूरे क्षेत्र की घेराबंदी कर दी गई। अधिकारियों का कहना है कि यह कार्रवाई धनबाद और आसपास के इलाकों में बढ़ते अपराध पर लगाम लगाने की दिशा में बड़ी सफलता है। पुलिस अब गिरोह के अन्य सदस्यों की तलाश में जुट गई है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें