गिरिडीह में महात्मा गांधी के आगमन के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित “गिरिडीह में गांधी : शताब्दी समारोह” कार्यक्रम में साहित्य और समाज का अनोखा संगम देखने को मिला। चितरडीह में पदयात्रा के दौरान प्रख्यात कवि निलोतपल मृणाल और युवा समाजवादी आयुष चतुर्वेदी की प्रभावशाली प्रस्तुतियों ने दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया। गांधी विचारधारा से जुड़े लोगों की बड़ी संख्या कविताएँ सुनने उमड़ी। कार्यक्रम में मंत्री सुदिव्य कुमार सोनू, डीसी रामनिवास यादव, एसडीएम श्रीकांत यशवंत विस्पुते समेत कई अधिकारी, जनप्रतिनिधि और विभिन्न राजनीतिक दलों के नेता उपस्थित रहे। 1925 में गांधीजी के खरगडीहा आगमन की स्मृति में आयोजित इस शताब्दी समारोह में भव्य पदयात्रा निकाली गई, जिसमें प्रशासनिक अधिकारी, समाजसेवी और स्थानीय लोग बड़ी संख्या में शामिल हुए। इस अवसर ने गिरिडीह को एक बार फिर गांधी के आदर्शों और विचारों से जोड़ दिया।













