गिरिडीह में गांधी आगमन शताब्दी समारोह समिति द्वारा रविवार, 5 अक्टूबर 2025 को सर जे.सी. बोस विद्यालय में भव्य कार्यक्रम का आयोजन किया गया, जिसमें शहर के 25 से अधिक सरकारी एवं गैर सरकारी विद्यालयों के लगभग 400 बच्चों ने भाग लिया। कार्यक्रम की शुरुआत दीप प्रज्ज्वलन और स्वागत गीत के साथ हुई। उद्घाटन समारोह में रामकृष्ण महिला महाविद्यालय की प्राचार्य डॉ. मधुश्री सान्याल, जेएनवी के पूर्व प्राचार्य के. ठाकुर, विद्यालय के प्रधानाचार्य मुन्ना कुशवाहा, अभिव्यक्ति फाउंडेशन के अध्यक्ष कृष्णकांत, तथा निर्णायक मंडल में ललित नारायण कुशवाहा, सुचित्रा बोस, राखी झुनझुनवाला, रेणु कुमारी, प्रभाकर जी, और कृष्ण मुरारी शर्मा जैसे गणमान्य लोग उपस्थित थे। डॉ. सान्याल ने अपने संबोधन में कहा कि महात्मा गांधी का गिरिडीह आगमन एक ऐतिहासिक क्षण था, जिसकी शताब्दी समारोह हमें उनके विचारों, दर्शन और मूल्यों को पुनः याद करने का अवसर प्रदान करता है।
कार्यक्रम के संयोजक सोमनाथ केसरी ने बताया कि कुल छह प्रतियोगिताओं — भाषण, लेख, कोलाज, चित्रकला, कविता पाठ और रंगोली — का आयोजन किया गया। बच्चों ने “गांधी के सपनों का भारत” और “गांधी विचारों की वर्तमान समय में प्रासंगिकता” जैसे विषयों पर शानदार विचार प्रस्तुत किए। अनीशा भदानी के सांस्कृतिक नृत्य ने उपस्थित दर्शकों की खूब तालियां बटोरीं, वहीं चित्रकला प्रतियोगिता में बच्चों ने गांधी और चरखा विषय पर अद्भुत पेंटिंग्स बनाईं। कार्यक्रम के सफल आयोजन में विद्यालय के शिक्षकों एवं सहयोगियों — सरिता कुमारी, रवि स्वर्णकार, नीरीति केसरी, मनीषा कुमारी, अभिनीत कुमार, पूजा शर्मा, शामली मैडम, श्वेता खंडेलवाल, राजेंद्र बरनवाल, रामजी यादव, दीपाली, अनिता और नैना — का अहम योगदान रहा। विजेताओं को 7 अक्टूबर को टाउन हॉल में सम्मानित किया जाएगा। यह कार्यक्रम गांधी के 6 और 7 अक्टूबर 1925 के गिरिडीह आगमन की 100वीं वर्षगांठ के उपलक्ष्य में जिला प्रशासन एवं समारोह समिति द्वारा आयोजित श्रृंखला का हिस्सा है, जिसमें 6 अक्टूबर को खरगडीहा से गिरिडीह तक पदयात्रा का भी आयोजन होगा।












