Aba News

पोरदाग में दर्दनाक हादसा : तालाब में डूबने से पिता-पुत्र की मौत, ससुराल आए थे दुर्गा पूजा मनाने

गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र के पोरदाग गांव में शनिवार को एक हृदयविदारक हादसा सामने आया, जिसने पूरे गांव को शोक में डुबो दिया। पश्चिम बंगाल के आसनसोल वर्द्धमान जिले के बुद्धा कॉलोनी निवासी सुजैय मल्लिक (40) और उनके 12 वर्षीय पुत्र प्रतीक मल्लिक की तालाब में डूबने से मौत हो गई। पिता-पुत्र दुर्गा पूजा के अवसर पर अपने ससुराल पोरदाग आए हुए थे। शनिवार दोपहर करीब एक बजे दोनों लालू बांध तालाब में स्नान करने गए थे। लेकिन स्नान के दौरान वे गहरे पानी में चले गए और डूब गए। शाम तक घर नहीं लौटने पर परिजनों को चिंता हुई। जब खोजबीन की गई, तो तालाब किनारे उनकी बाइक, कपड़े और मोबाइल फोन मिला, जिससे अनहोनी की आशंका गहराने लगी। ग्रामीणों ने तुरंत तालाब में खोजबीन शुरू की और कड़ी मशक्कत के बाद देर शाम दोनों के शव बरामद किए गए।

सूचना मिलते ही निमियाघाट थाना पुलिस मौके पर पहुंची और शवों को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए भेज दिया। इस दर्दनाक हादसे के बाद से परिजनों में कोहराम मचा हुआ है और पूरे गांव में मातम पसरा है। ससुराल और मायके दोनों जगहों पर लोगों की आंखें नम हैं। ग्रामीणों ने बताया कि लालू बांध तालाब में पानी अत्यधिक गहरा है और उचित सुरक्षा व्यवस्था नहीं होने के कारण यह हादसा हुआ। स्थानीय लोगों ने प्रशासन से तालाब के आसपास सुरक्षा उपाय करने और चेतावनी बोर्ड लगाने की मांग की है, ताकि भविष्य में इस तरह की घटनाओं को रोका जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें