Aba News

गिरिडीह में सतीश केडिया बने कांग्रेस जिलाध्यक्ष, कार्यकर्ताओं में खुशी की लहर — बोले, “कांग्रेस की खोई पहचान फिर दिलाऊंगा”

गिरिडीह, 5 अक्टूबर: कांग्रेस पार्टी के राष्ट्रीय सचिव के.सी. वेणुगोपाल द्वारा झारखंड के सभी जिलों में नए जिलाध्यक्षों की घोषणा के बाद गिरिडीह जिले में हर्ष का माहौल है। पार्टी के सक्रिय कार्यकर्ता और पूर्व कार्यकारी जिलाध्यक्ष सतीश केडिया को गिरिडीह जिला कांग्रेस का नया अध्यक्ष नियुक्त किया गया है।

घोषणा होते ही जिले के कांग्रेस कार्यकर्ताओं में उत्साह की लहर दौड़ गई। बड़ी संख्या में कार्यकर्ता सतीश केडिया के आवास पर पहुंचकर उन्हें मिठाई खिलाकर बधाई देने लगे। पूरा माहौल “कांग्रेस जिंदाबाद” और “सतीश केडिया जिंदाबाद” के नारों से गूंज उठा। समर्थकों ने इस फैसले को संगठन के लिए सकारात्मक कदम बताया।

सतीश केडिया ने जिलाध्यक्ष बनाए जाने पर पार्टी के केंद्रीय नेतृत्व का आभार व्यक्त किया और कहा —

“गिरिडीह में कांग्रेस पार्टी की जो पुरानी पहचान थी, उसे फिर से लौटाने का काम करूंगा। संगठन को मजबूत बनाना और हर कार्यकर्ता को सम्मान दिलाना मेरी पहली प्राथमिकता होगी।”

उन्होंने यह भी कहा कि जिले में कांग्रेस की जड़ें मजबूत हैं और अब समय है कि सभी कार्यकर्ता एकजुट होकर जनता के बीच सक्रिय भूमिका निभाएं। उन्होंने युवाओं, महिलाओं और किसानों से अपील की कि वे कांग्रेस की विचारधारा से जुड़कर जनहित के मुद्दों को सशक्त करें।

सतीश केडिया के नेतृत्व में गिरिडीह कांग्रेस से कार्यकर्ताओं को नई ऊर्जा मिलने की उम्मीद जताई जा रही है। इस अवसर पर बड़ी संख्या में स्थानीय नेता, पार्टी कार्यकर्ता और समर्थक मौजूद रहे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें