गिरिडीह खण्ड इकाई राष्ट्रीय स्वयंसेवक संघ द्वारा सोमवार को विजयादशमी उत्सव सह पथ संचलन कार्यक्रम का भव्य आयोजन किया गया। विवाह भवन अजीडीह से प्रारंभ हुआ यह संचलन नगर के प्रमुख मार्गों से गुजरते हुए मोहनपुर स्थित दुर्गा माता मंदिर पहुंचा। पूर्ण गणवेश में घोष वादन के साथ स्वयंसेवकों ने अनुशासन और एकता का परिचय दिया। संचलन के दौरान विभिन्न स्थानों पर स्वयंसेवकों का पुष्पवर्षा कर स्वागत किया गया।
समापन अवसर पर मां दुर्गा के समक्ष शस्त्र पूजन किया गया। कार्यक्रम में सह प्रांत प्रचारक राजीव कांत जी, खण्ड कार्यवाह संतोष जी और मुख्य अतिथि संतोष राणा जी ने संयुक्त रूप से पूजा-अर्चना की। अपने संबोधन में राजीव कांत जी ने कहा कि संघ की शाखाएं व्यक्ति से समाज और समाज से राष्ट्र निर्माण का मार्ग प्रशस्त करती हैं। इस अवसर पर जिले व नगर के कई पदाधिकारी एवं बड़ी संख्या में स्वयंसेवक मौजूद रहे।












