Aba News

नक्सल विरोधी अभियान में बड़ी सफलता, गिरिडीह पुलिस और सीआरपीएफ ने बरामद किए हथियार और विस्फोटक

गिरिडीह, 25 सितंबर 2025: गिरिडीह जिले के अति नक्सल प्रभावित खुखरा थाना क्षेत्र के पारसनाथ जंगल के तराई इलाके में चलाए गए विशेष नक्सल विरोधी अभियान में पुलिस और सीआरपीएफ 154 बटालियन को बड़ी सफलता मिली है। गुप्त सूचना के आधार पर जोकाई नाला और चीरवाबेड़ा इलाके में संयुक्त रूप से सर्च अभियान और छापेमारी की गई। इस दौरान सुरक्षा बलों ने एक एसएलआर राइफल, एक 303 राइफल, 113 जिंदा कारतूस, दो मैगजीन पाउच, लगभग 700 मीटर कोडेक्स वायर, 23 पीस डेटोनेटर समेत कई अन्य खतरनाक सामग्रियां बरामद की हैं। पुलिस और सीआरपीएफ की इस कार्रवाई से नक्सलियों की बड़ी साजिश विफल हुई है और इलाके में सुरक्षा बलों का दबदबा और मजबूत हुआ है।

इस पूरे अभियान की जानकारी पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार और सीआरपीएफ कमांडेंट ने संयुक्त प्रेस वार्ता कर साझा की। अधिकारियों ने बताया कि नक्सली संगठन लगातार जिले में गतिविधियों को अंजाम देने की फिराक में हैं, लेकिन पुलिस और केंद्रीय बलों की मुस्तैदी से उनकी योजनाएं विफल हो रही हैं। इस बरामदगी के बाद इलाके में नक्सलियों की गतिविधियों पर नकेल कसने की उम्मीद है। सुरक्षा एजेंसियों का कहना है कि ऐसे अभियान आगे भी लगातार जारी रहेंगे ताकि नक्सली संगठन पूरी तरह से कमजोर हों और क्षेत्र में स्थायी शांति बहाल हो सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें