Aba News

सदर अस्पताल परिसर में घुसकर युवक के साथ बेरहमी से मारपीट

गिरिडीह शहर के सदर अस्पताल परिसर में रविवार की शाम एक बड़ी वारदात सामने आई, जहां आधा दर्जन युवकों ने अस्पताल के अंदर घुसकर एक युवक के साथ जमकर मारपीट की। घायल युवक की पहचान धरियाडीह निवासी रोहित कुमार राय के रूप में हुई है। रोहित राय ने बताया कि वह अपने मोहल्ले में एक व्यक्ति के निधन की सूचना पर वहां गया था, और जैसे ही वह वापस लौट रहा था, तभी मोहल्ले के ही अभिषेक कुमार शर्मा उर्फ राजीव शर्मा, अन्नू शर्मा, रणधीर शर्मा और अविनाश शर्मा समेत कई युवकों ने अचानक उस पर हमला कर दिया। घायल अवस्था में वह किसी तरह सदर अस्पताल पहुंचा, लेकिन यहां भी हमलावर पीछे नहीं हटे और अस्पताल परिसर में घुसकर पहले उसकी पर्ची फाड़ दी और फिर बेरहमी से उसकी पिटाई कर दी।

घटना की खबर मिलते ही अस्पताल परिसर में लोगों की भारी भीड़ उमड़ पड़ी। आक्रोशित लोगों ने मारपीट की इस वारदात पर कड़ा रोष जताया और सुरक्षा व्यवस्था पर सवाल उठाए। फिलहाल घायल रोहित कुमार राय का इलाज सदर अस्पताल में चल रहा है। पुलिस मामले की छानबीन में जुट गई है और हमलावरों की तलाश तेज कर दी गई है। शहर के बीचों-बीच और अस्पताल जैसे संवेदनशील परिसर में हुई इस वारदात ने लोगों में भय और आक्रोश दोनों बढ़ा दिया है। अब देखना यह होगा कि पुलिस कब तक आरोपियों को गिरफ्तार कर मामले का खुलासा करती है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें