गिरिडीह, 24 सितंबर 2025: जिले के शहरी क्षेत्रों में विधि-व्यवस्था बनाए रखने और किसी भी घटना पर त्वरित प्रतिक्रिया के उद्देश्य से RAPID RESPONSE RIDERS को 30 मोटरसाइकिल के साथ हरी झंडी दिखाकर रवाना किया गया। इस अवसर पर जिला उपायुक्त श्री रामनिवास यादव और पुलिस अधीक्षक डॉ. बिमल कुमार मौजूद थे।

Rapid Response Riders जिले के सभी अनुमंडल क्षेत्रों में तैनात रहकर किसी भी आपात स्थिति में तुरंत प्रतिक्रिया देंगे और शहरी क्षेत्रों में सुरक्षा बनाए रखने में सहयोग करेंगे। इस पहल का उद्देश्य पुलिस की त्वरित पहुँच सुनिश्चित करना और नागरिकों के जीवन और संपत्ति की सुरक्षा को सुदृढ़ करना है।

साथ ही, समाहरणालय सभागार में आयोजित कार्यक्रम के तहत बरामद मोबाइल फोन उनके वास्तविक धारकों को हस्तगत किए गए। गिरिडीह पुलिस की तकनीकी शाखा और CEIR पोर्टल के सहयोग से अब तक कुल 113 खोए हुए मोबाइल फोन बरामद किए जा चुके हैं। इस पहल से आम जनता में सुरक्षा और भरोसे की भावना को बढ़ावा मिला है।
इस कार्यक्रम से स्पष्ट हुआ कि गिरिडीह पुलिस सक्रिय और तकनीकी रूप से सक्षम होकर आम नागरिकों की सुरक्षा और विधि-व्यवस्था के संधारण के लिए लगातार प्रयासरत है। Rapid Response Riders की तैनाती से अब आपात स्थितियों में त्वरित और प्रभावी कार्रवाई संभव होगी।












