Aba News

मध्य विद्यालय चैताडीह चोरी का खुलासा: पुलिस ने तीन अपराधियों को किया गिरफ्तार, लाखों का सामान बरामद

गिरिडीह जिले के पचम्बा थाना क्षेत्र अन्तर्गत मध्य विद्यालय चैताडीह में हुई चोरी की घटना का पुलिस ने त्वरित उद्भेदन कर लिया है। पुलिस ने कार्रवाई करते हुए तीन अपराधियों को गिरफ्तार कर उनके पास से लाखों रुपये मूल्य का चोरी गया सामान बरामद किया है। घटना 17 सितंबर की रात की है, जब अज्ञात चोरों ने विद्यालय का गेट तोड़कर कंप्यूटर, प्रिंटर और अन्य सामान चोरी कर लिया था। विद्यालय के प्रधानाध्यापक द्वारा दिए गए आवेदन के आधार पर पचम्बा थाना कांड संख्या 107/25, दिनांक 18.09.2025 को मामला दर्ज किया गया था। पुलिस अधीक्षक डॉ. विमार कुमार ने इस मामले में त्वरित कार्रवाई के लिए नव प्रोन्नत पुलिस उपाधीक्षक मंटु कुमार और थाना प्रभारी राजीव कुमार के नेतृत्व में विशेष टीम गठित की।

पुलिस टीम ने गुप्त सूचना और तकनीकी इनपुट के आधार पर छापेमारी की और मो० रब्बानी अंसारी उर्फ लड्डू, मो० साबिर उर्फ छोटू तथा मो० तनवीर को हिरासत में लिया। पूछताछ में तीनों ने चोरी की घटना में अपनी संलिप्तता स्वीकार कर ली। इनके निशानदेही पर पुलिस ने चोरी गया सामान और घटना में प्रयुक्त लोहे का रॉड भी बरामद किया। बरामद सामानों में 11 डेस्कटॉप कंप्यूटर, 8 सीपीयू, 1 प्रिंटर, 2 स्टैंड फैन, 1 टुल्लू पंप (1 HP), 1 स्टील का डेग, 1 स्टील का टब और 1 डब्बू शामिल हैं। पुलिस अधीक्षक ने कहा कि चोरी की इस घटना का पर्दाफाश पुलिस की तत्परता और तकनीकी सहयोग का परिणाम है।

प्रेस कॉन्फ्रेंस कर पुलिस अधीक्षक डॉ. विमार कुमार ने बताया कि गिरफ्तार अपराधियों का आपराधिक इतिहास भी रहा है। इससे पूर्व इनके खिलाफ नगर थाना कांड संख्या 157/25, दिनांक 22.06.2025 को मामला दर्ज है। उन्होंने कहा कि विद्यालय से चोरी गया सामान बरामद कर लिया गया है और अपराधियों को विधिवत जेल भेजा जा रहा है। जिले में कानून-व्यवस्था बनाए रखने के लिए पुलिस लगातार निगरानी कर रही है और अपराधियों को किसी भी हाल में बख्शा नहीं जाएगा। इस त्वरित कार्रवाई से स्थानीय लोगों में पुलिस के प्रति विश्वास और मजबूत हुआ है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें