कोडरमा लोकसभा क्षेत्र में युवाओं को खेल एवं फिटनेस के लिए राष्ट्रीय मंच उपलब्ध कराने के उद्देश्य से “सांसद खेल महोत्सव 2025” का शुभारंभ होने जा रहा है। यह आयोजन प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी जी के “खेलो इंडिया” और “फिट इंडिया” अभियान की भावना को आगे बढ़ाने की दिशा में एक ऐतिहासिक कदम है। इस महोत्सव का उद्घाटन समारोह 26 सितम्बर 2025 को अपराह्न 2:00 बजे सी.एम. स्कूल, डोमचांच में होगा। कार्यक्रम संयोजक मुकेश जालान ने बताया कि इस अवसर पर जिले के सभी खेल प्रेमियों, युवा साथियों और आम नागरिकों को आमंत्रित किया गया है।
महिला एवं बाल विकास मंत्री तथा कोडरमा सांसद श्रीमती अन्नपूर्णा देवी जी ने कहा कि यह आयोजन न केवल खेल प्रतिभाओं की पहचान करेगा बल्कि युवाओं में अनुशासन, फिटनेस और टीम भावना को भी मजबूत करेगा। उन्होंने बताया कि इस खेल महोत्सव में ग्रामीण और शहरी दोनों क्षेत्रों के खिलाड़ियों को समान अवसर मिलेगा। पारंपरिक खेलों जैसे खो-खो, कबड्डी, लगोरी के साथ-साथ आधुनिक खेलों – फुटबॉल, बैडमिंटन, टेबल टेनिस, वॉलीबॉल, शतरंज और एथलेटिक्स को भी शामिल किया गया है।
यह महोत्सव 26 सितम्बर से 25 दिसम्बर 2025 तक विभिन्न चरणों में आयोजित होगा। इस दौरान फुटबॉल टूर्नामेंट से लेकर एथलेटिक्स तक कई प्रतियोगिताएँ होंगी, जो गिरिडीह, झुमरी तिलैया और बरकट्ठा जैसे स्थानों पर खेल प्रेमियों को जोड़ेंगी। सांसद अन्नपूर्णा देवी जी ने क्षेत्रवासियों से आह्वान किया कि वे इस आयोजन में बढ़-चढ़कर हिस्सा लें और इसे ऐतिहासिक बनाएं। उन्होंने कहा – “यह केवल खेल प्रतियोगिता नहीं बल्कि फिट युवा और विकसित भारत के संकल्प की दिशा में एक महत्वपूर्ण पहल है। कोडरमा से खेल और फिटनेस का संदेश पूरे देश तक पहुँचना चाहिए।”













