महुआ में आयोजित राजद की सभा में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की मां के लिए अपशब्द कहे जाने के मामले ने राजनीतिक सरगर्मी बढ़ा दी है। इस पर प्रतिक्रिया देते हुए तेजप्रताप यादव ने केंद्र और राज्य सरकार से मांग की है कि इस अपमान करने वाले व्यक्ति को तुरंत जेल भेजा जाए। उन्होंने कहा कि “मां तो मां होती है, अपनी संतान को जन्म देती है और नौ महीने कोख में रखती है। जो लोग प्रधानमंत्री की मां के लिए अपशब्द बोलते हैं, उनके खिलाफ तुरंत एफआईआर दर्ज होनी चाहिए और उन्हें जेल भेजा जाए।” तेजप्रताप यादव का यह बयान महुआ में हुई सभा में हुए विवाद के बाद सामने आया है।
तेजप्रताप यादव ने विशेष रूप से महुआ के विधायक मुकेश रोशन पर निशाना साधते हुए कहा कि अगर उन्हें जेल नहीं भेजा गया तो जनशक्ति जनता दल महुआ में आंदोलन करेगा। उन्होंने जोर देकर कहा कि “हम केंद्र और राज्य सरकार से यह मांग करते हैं कि अपमान करने वाले को सजा मिले। किसी भी स्थिति में ऐसा अपमान सहन नहीं किया जाएगा।” विपक्ष के नेता तेजस्वी यादव शनिवार को बिहार अधिकार यात्रा के तहत महुआ में सभा को संबोधित कर रहे थे, और उसी समय कुछ लोग पीएम की मां के खिलाफ अपशब्द का इस्तेमाल कर रहे थे। हालांकि सभा में मौजूद अधिकांश लोग इस घटना पर चुप्पी साधे रहे, लेकिन सोशल मीडिया पर वायरल हुए वीडियो ने मामले को और संवेदनशील बना दिया।
बीजेपी नेताओं ने इस घटना को लेकर आरजेडी और तेजस्वी यादव पर तीखा हमला किया है। वायरल वीडियो में स्पष्ट रूप से देखा जा सकता है कि भीड़ में मौजूद कुछ लोग अपशब्द का प्रयोग कर रहे थे, जिससे राजनीतिक विवाद और गहराया। इस मुद्दे पर तेजप्रताप यादव ने सीधे तौर पर कहा कि अगर मुकेश रोशन को जेल नहीं भेजा गया तो वह आंदोलन करेंगे। उल्लेखनीय है कि तेजप्रताप यादव पार्टी और परिवार से बाहर हो चुके हैं, लेकिन वे अब भी राजनीतिक मुद्दों पर सक्रिय हैं और कई बार आरजेडी और नेताओं पर आलोचना कर चुके हैं। इस घटना ने बिहार की राजनीति में नया तूफ़ान खड़ा कर दिया है।












