झारखंड में दुर्गा पूजा के दौरान मौसम का मिजाज बदल सकता है। मौसम विज्ञान केंद्र रांची के अनुसार, 25 सितंबर को बंगाल की खाड़ी में निम्न दबाव का क्षेत्र बनने की संभावना है, जिससे राज्य में रुक-रुक कर बारिश होने की आशंका जताई जा रही है। मौसम विभाग के निदेशक अभिषेक आनंद का कहना है कि यह निम्न दबाव का क्षेत्र पुरी और भुवनेश्वर की दिशा में बढ़ सकता है, लेकिन इसके असर से झारखंड के कई जिलों में हल्की से मध्यम बारिश होने की संभावना है। इस दौरान उमस और गर्मी के बीच बारिश त्योहारी गतिविधियों पर असर डाल सकती है।
रांची और आसपास के इलाकों में भी हल्की बारिश होने की संभावना है। निदेशक अभिषेक आनंद के अनुसार, 25 सितंबर तक इस निम्न दबाव क्षेत्र का पूरी तरह से विकसित होना अपेक्षित है और इसके प्रभाव आने वाले एक-दो दिनों में स्पष्ट हो सकते हैं। राजधानी रांची में बादल छाए रहेंगे और हल्की बारिश हो सकती है। वज्रपात की भी संभावना जताई जा रही है। फिलहाल, मौसम विभाग ने कोई विशेष अलर्ट जारी नहीं किया है, लेकिन तापमान में धीरे-धीरे गिरावट आने की उम्मीद है, जिससे मौसम में उमस कम होगी और लोगों को कुछ राहत मिलेगी।
झारखंड में इस साल मानसून सामान्य से अधिक सक्रिय रहा है। 1 जून से 19 सितंबर तक राज्य में कुल 1128.1 मिमी बारिश हुई, जो सामान्य वर्षापात 950.9 मिमी की तुलना में लगभग 19 प्रतिशत अधिक है। हालांकि, सितंबर के महीने में अब तक 117.2 मिमी बारिश हुई है, जो सामान्य से 23 प्रतिशत कम है। रांची में मानसून के दौरान अब तक 1423 मिमी बारिश दर्ज की जा चुकी है, जो सामान्य से 47 प्रतिशत अधिक है। राज्य के कुछ क्षेत्रों जैसे देवघर, गढ़वा और गोड्डा में वर्षा सामान्य से 2-26 प्रतिशत कम रही है।












