Aba News

धनबाद में कोयला कारोबारी के घर में चोरी, 40 लाख रुपए के गहने और नकदी गायब

धनबाद जिले के बरोरा थाना क्षेत्र के हरिणा कॉलोनी में एक गंभीर चोरी की घटना सामने आई है। कोयला कारोबारी राजेंद्र सिंह उर्फ जिंदा के बंद घर को अपराधियों ने निशाना बनाया और घर का ताला तोड़कर करीब 90 हजार रुपए नकद और लगभग 40 लाख रुपए के आभूषण चुरा लिए। घटना उस समय हुई जब कारोबारी परिवार के साथ रांची में पत्नी का इलाज करा रहे थे। देर शाम घर लौटने पर उन्हें चोरी की जानकारी मिली, जिसके बाद उन्होंने तुरंत बरोरा थाना पुलिस को सूचना दी।

पुलिस ने मौके पर पहुंचकर पूरे घर का निरीक्षण किया और छानबीन शुरू की। राजेंद्र सिंह ने बताया कि घर में प्रवेश करते ही चारों ओर सामान बिखरा पड़ा था और सभी आलमारी तथा लॉकर तोड़े गए थे। जांच में पता चला कि नकदी और सोने-चांदी के गहने गायब हैं, जबकि कुछ चांदी की कटोरी, चम्मच और छोटी प्लेटें घर के चारदीवारी के अंदर मिलीं। इससे अंदाजा लगाया जा रहा है कि अपराधी जल्दबाजी में कुछ सामान छोड़कर फरार हुए।

कारोबारी के पुत्र रमित सिंह ने बताया कि घर का ताला टूटने की सूचना उन्हें पड़ोसियों से मिली। उन्होंने कहा कि चोरी गए गहनों का सही आकलन घर की महिलाओं के लौटने पर ही किया जा सकेगा। बरोरा थाना प्रभारी साधन कुमार ने पूरे मामले की जांच शुरू कर दी है और फिंगरप्रिंट सहित अन्य साक्ष्य जुटाए हैं। पुलिस का कहना है कि यह काम किसी संगठित गिरोह का लग रहा है। आस-पास के लोगों से पूछताछ की जा रही है और स्थानीय लोगों ने पुलिस से गश्त बढ़ाने की मांग की है ताकि भविष्य में ऐसी घटनाओं पर अंकुश लगाया जा सके।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें