गुरुग्राम में 22 वर्षीय सोशल मीडिया इन्फ्लुएंसर मुस्कान शुक्ला की मौत का मामला अब और उलझता जा रहा है। फर्रुखनगर के एक पीजी में 15 अगस्त को मुस्कान का शव फंदे पर लटका हुआ मिला था, जिसे पुलिस ने अब तक आत्महत्या मानकर जांच की। लेकिन 33 दिन बाद इस केस में नया ट्विस्ट आया है। मुस्कान की मां निगम शर्मा ने दावा किया है कि उनकी बेटी की मौत आत्महत्या नहीं, बल्कि हत्या हो सकती है। गुरुवार को वह गुरुग्राम पहुंचीं और पुलिस कमिश्नर से केस की दोबारा जांच की मांग की। शुक्रवार को भी वह ऑफिस जाकर अपनी गुहार रखेंगी। मां का कहना है कि मुस्कान के दोस्त निहाल से दोबारा पूछताछ की जानी चाहिए, क्योंकि उन पर शक गहराता जा रहा है।
मुस्कान मूल रूप से झारखंड के नदुआ गांव की रहने वाली थी और पहले अमेजन कंपनी में नौकरी करती थी। कुछ महीने पहले उसने नौकरी छोड़ी और नई जॉब की तलाश में थी। इस बीच वह सोशल मीडिया पर सक्रिय हो गई और शॉर्ट वीडियो व रील बनाकर काफी लोकप्रियता बटोर रही थी। मुस्कान अपने छोटे भाई सचिन के साथ गुरुग्राम के एक पीजी में रहती थी। बाद में उसका दोस्त निहाल भी वहीं शिफ्ट हो गया। परिवार का कहना है कि जिस दिन यह घटना हुई, उस दिन निहाल देर रात तक मुस्कान और पीजी की एक अन्य लड़की के साथ बैठा हुआ था। रात करीब 2:30 बजे निहाल ने फोन कर परिजनों को बताया कि मुस्कान ने फांसी लगा ली है। परिवार का आरोप है कि घटना के तुरंत बाद निहाल ने अपना ठिकाना भी बदल लिया, जो शक को और गहरा करता है।
पुलिस की शुरुआती जांच और पोस्टमॉर्टम रिपोर्ट इसे आत्महत्या का मामला मानती है। जांच अधिकारी सब-इंस्पेक्टर जयपाल का कहना है कि अगर परिजन कोई नए सबूत या तथ्य पेश करते हैं, तो मामले की दोबारा जांच होगी और दोस्तों से फिर पूछताछ की जाएगी। हालांकि, मुस्कान की मां का कहना है कि उनकी बेटी बहुत हिम्मती थी और खुदकुशी जैसा कदम उठाना उसके स्वभाव में नहीं था। अब सवाल यह उठ रहा है कि क्या सचमुच मुस्कान ने आत्महत्या की थी या फिर इस रहस्यमयी मौत के पीछे कोई और कहानी छिपी है। मामले की सच्चाई क्या है, यह पुलिस की आगे की जांच और पूछताछ से ही सामने आएगा।












