Aba News

Giridih News : उसरी जलप्रपात में बड़ा हादसा टला, चार युवक पानी के तेज बहाव से बचाए गए

Giridih जिले के प्रसिद्ध पर्यटन स्थल उसरी वाटर फॉल में बुधवार को बड़ा हादसा टल गया। मोहनपुर पंचायत के अंबाडीह गांव से घूमने पहुंचे चार युवक नहाने और सेल्फी लेने के दौरान पानी के तेज बहाव में फंस गए। अचानक जलस्तर बढ़ने से चारों युवक लहरों के बीच फंसे रह गए। देखते ही देखते वहां अफरा-तफरी का माहौल बन गया। मौके पर मौजूद पर्यटक और स्थानीय लोगों ने तुरंत रस्सी के सहारे बचाव अभियान शुरू किया और सूचना पाकर पुलिस भी घटनास्थल पर पहुंच गई।

बचाव कार्य में ग्रामीणों और पुलिस की टीम ने मिलकर कड़ी मशक्कत की और अंततः सभी चारों युवकों को सुरक्षित बाहर निकाल लिया। युवकों की पहचान मो० शानू, मो० आशिक, ख्वाहिश साह और रजनीकांत साह के रूप में हुई है, जो सभी अंबाडीह गांव के निवासी बताए जाते हैं। घटना के दौरान चारों युवक डरे और सहमे हुए थे, लेकिन स्थानीय लोगों के साहस और तत्परता ने उनकी जान बचा ली। घटना के बाद वाटर फॉल पर मौजूद लोगों ने राहत की सांस ली और बचाव टीम की जमकर सराहना की।

इस दौरान बड़ी संख्या में लोग मौके पर जुट गए। झारखंड मुक्ति मोर्चा (जेएमएम) के नेता भी बचाव अभियान में शामिल हुए। जेएमएम के जिला उपाध्यक्ष मो० हसनैन अली ने स्वयं नेतृत्व करते हुए पुलिस और ग्रामीणों के साथ बचाव कार्य को अंजाम दिया। वहीं जेएमएम जिला अध्यक्ष कौलेश्वर सोरेन, मो० दानिश, मो० इम्तियाज, वकील साह और मो० इमरान समेत सैकड़ों लोग वहां मौजूद रहे। इस घटना ने एक बार फिर उसरी वाटर फॉल में सुरक्षा प्रबंधन को लेकर सवाल खड़े कर दिए हैं और प्रशासन से पर्यटकों की सुरक्षा के लिए ठोस कदम उठाने की मांग की जा रही है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें