प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के 75वें जन्मदिवस पर सेवा पखवाड़ा के तहत बुधवार को गिरिडीह शहरी क्षेत्र के बरगंडा स्थित साहु धर्मशाला में भारतीय जनता युवा मोर्चा (भाजयुमो) ने एक भव्य रक्तदान शिविर का आयोजन किया। कार्यक्रम की शुरुआत केक काटकर हुई और फिर कार्यकर्ताओं ने मानवता का परिचय देते हुए रक्तदान किया। इस दौरान 75 यूनिट से अधिक रक्त एकत्र किया गया, जो प्रधानमंत्री के 75वें जन्मदिवस का प्रतीक बना। मुख्य अतिथि जमुआ विधायक मंजू कुमारी ने कहा कि पीएम मोदी का जीवन समाजसेवा को समर्पित है और सेवा पखवाड़ा इसी भावना को आम जनता तक पहुंचाता है। प्रदेश कार्य समिति अध्यक्ष नुनुलाल मरांडी ने रक्तदान को महादान बताते हुए भाजयुमो की पहल की सराहना की। भाजपा जिलाध्यक्ष महादेव दुबे, युवा मोर्चा जिलाध्यक्ष मिथुन चंद्रवंशी, महिला मोर्चा प्रदेश उपाध्यक्ष प्रो. विनीता समेत कई वरिष्ठ नेता उपस्थित रहे और इस आयोजन को सेवा व राष्ट्रहित का प्रेरक संदेश बताया।













