गिरिडीह में बुधवार को आदिवासी छात्र संघ के बैनर तले झंडा मैदान से आदिवासी आक्रोश रैली निकाली गई। रैली में बड़ी संख्या में आदिवासी समाज के लोग शामिल हुए और सूर्या नारायण हांसदा के कथित फर्जी एनकाउंटर की सीबीआई जांच की मांग की। साथ ही हांसदा के परिवार को मुआवजा, अनाथ बच्चों की शिक्षा और सरकारी नौकरी देने की मांग उठाई गई। रैली शहरी क्षेत्र के विभिन्न चौक-चौराहों का भ्रमण करते हुए वापस झंडा मैदान पहुंचकर सभा में बदल गई।
आदिवासी छात्र संघ के अध्यक्ष प्रदीप सोरेन ने कहा कि सूर्या नारायण हांसदा न केवल एक शिक्षाविद् थे, बल्कि समाज के मजबूत स्तंभ भी थे जिन्होंने आदिवासी बच्चों की शिक्षा के लिए जीवन समर्पित किया। उनकी संदिग्ध मौत ने पूरे समाज को झकझोर दिया है, इसलिए सीबीआई जांच जरूरी है ताकि सच सामने आ सके। साथ ही सभा में कुड़मी कुर्मी समुदाय को एसटी सूची में शामिल करने का विरोध भी किया गया।













