पटना : बिहार की राजधानी पटना का एयरपोर्ट अब यात्रियों के लिए और भी आकर्षक बन जाएगा। एयरपोर्ट अथॉरिटी ने घोषणा की है कि यहां 40 नई दुकानें खोली जाएंगी, जिनमें देश-विदेश के नामी ब्रांड शामिल होंगे। यात्रियों को अब सिर्फ यात्रा की सुविधा ही नहीं बल्कि शॉपिंग और फूड की भी बेहतरीन व्यवस्था मिलेगी। एयरपोर्ट पर बरिस्ता, सब-वे, स्टारबक्स और हरिलाल जैसे फूड वेंचर्स के साथ ही कपड़े, फुटवियर, घड़ियां और अन्य ब्रांडेड एक्सेसरीज की खरीदारी भी की जा सकेगी। खास बात यह है कि ये सुविधाएं एयरपोर्ट के अराइवल, डिपार्चर और मल्टी लेवल कार पार्किंग एरिया में उपलब्ध होंगी। छठ पूजा से पहले इन दुकानों के शुरू हो जाने की संभावना है, जिससे त्योहारी सीजन में यात्रियों को एक अलग अनुभव मिलेगा।
एयरपोर्ट अथॉरिटी ने बताया कि मिनी मॉल का स्वरूप मल्टी लेवल कार पार्किंग के ऊपर दो फ्लोर में नजर आएगा। यहां यात्रियों के साथ आम लोग भी खरीदारी कर सकेंगे। करीब 1145 वर्गमीटर में 17 रिटेल शॉप और 1200 वर्गमीटर क्षेत्र में 23 फूड वेंचर्स खुलेंगे। यात्रियों की सुविधा के लिए दो एक्जीक्यूटिव लाउंज भी तैयार किए जाएंगे। इस पहल से न केवल यात्रियों को आधुनिक सुविधा मिलेगी बल्कि स्थानीय अर्थव्यवस्था और रोजगार के अवसर भी बढ़ेंगे। पटना एयरपोर्ट अब मेट्रो सिटी के एयरपोर्ट्स की तरह आधुनिकता और सुविधा का नया अनुभव देने की दिशा में बड़ा कदम बढ़ा रहा है।












