Aba News

सीएम नीतीश का बड़ा ऐलान: पीएम मोदी के जन्मदिन और विश्वकर्मा जयंती पर श्रमिकों को मिला 802 करोड़ का तोहफा

पटना। प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के जन्मदिन और भगवान विश्वकर्मा जयंती के अवसर पर बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार ने राज्य के निर्माण श्रमिकों के लिए ऐतिहासिक तोहफा दिया। उन्होंने बिहार भवन एवं अन्य सन्निर्माण कर्मकार कल्याण बोर्ड के तहत वार्षिक वस्त्र सहायता योजना की राशि सीधे श्रमिकों के खाते में भेजी। इस योजना से राज्य के 16 लाख 4 हजार 929 श्रमिक लाभान्वित हुए हैं, जिनके खातों में 5-5 हजार रुपये की सहायता राशि ट्रांसफर की गई। इस मद में कुल 802 करोड़ 46 लाख 45 हजार रुपये का भुगतान किया गया है। नीतीश कुमार ने कहा कि यह आर्थिक मदद श्रमिक परिवारों के जीवन स्तर को बेहतर बनाएगी और उन्हें सामाजिक-आर्थिक विकास की मुख्यधारा से जोड़ने में सहायक होगी।

कार्यक्रम के दौरान मुख्यमंत्री ने ‘प्रतिज्ञा योजना’ के वेब पोर्टल का भी शुभारंभ किया। इस योजना का मकसद समाज के अंतिम पायदान पर खड़े लोगों को सशक्त बनाना और उन्हें मुख्यधारा में लाना है। नीतीश कुमार ने कहा कि निर्माण कार्य में लगे श्रमिक राज्य की तरक्की की रीढ़ हैं और उनके विकास व सुरक्षा के लिए सरकार लगातार प्रतिबद्ध है। उन्होंने यह भी दोहराया कि श्रमिक भाई-बहनों की बदौलत ही बिहार में आधारभूत संरचना का विस्तार हो रहा है। इस अवसर पर मुख्यमंत्री ने श्रमिकों के परिश्रम को नमन करते हुए उनके परिवारों के जीवन को समृद्ध बनाने का भरोसा दिलाया।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें