गिरिडीह, 16 सितंबर 2025: समाहरणालय परिसर में आज जिला उपायुक्त श्री रामनिवास यादव ने जेएसएलपीएस की आजीविका ग्रामीण एक्सप्रेस योजना (AGEY) के तहत सखी मंडल की दीदियों को सवारी वाहनों की चाबी सौंपी और हरी झंडी दिखाकर रवाना किया। इस योजना का उद्देश्य सुदूर क्षेत्रों को यातायात सुविधा से जोड़ते हुए महिलाओं को आजीविका का नया अवसर उपलब्ध कराना है। योजना के तहत प्रत्येक वाहन के लिए 6 लाख रुपये का ब्याजमुक्त ऋण संकुल संगठन द्वारा दिया जा रहा है। प्रथम चरण में चार प्रखंडों की आठ दीदियों को इसका लाभ मिला है। उपायुक्त ने दीदियों को नियमित संचालन और लेखा-जोखा रखने की सलाह देते हुए कहा कि यह पहल न केवल उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करेगी बल्कि आत्मनिर्भरता की दिशा में भी बड़ा कदम साबित होगी। कार्यक्रम में जिला आपूर्ति पदाधिकारी श्री गुलाम समदानी, जेएसएलपीएस डीपीएम जैवियर एक्का, जिला प्रबंधक राकेश कुमार समेत कई अधिकारी और दीदियां मौजूद रहीं।












