देश की जनता को 22 सितंबर से महंगाई से राहत मिलने वाली है, क्योंकि नयी जीएसटी दर लागू होने जा रही है। सरकार ने इलेक्ट्रॉनिक आइटम्स पर लगने वाली जीएसटी दरों में बदलाव किया है। इसके तहत एयरकंडीशनर (AC), टेलीविजन और डिशवॉशर की कीमतें कम हो जाएंगी। अभी तक इन उत्पादों पर 28 प्रतिशत जीएसटी लगती थी, लेकिन अब यह घटाकर 18 प्रतिशत कर दी गई है। हालांकि, रेफ्रीजरेटर, वॉशिंग मशीन और माइक्रोवेब ओवन जैसे उत्पादों की कीमतों में कोई बदलाव नहीं होगा, क्योंकि इन पर पहले से ही 18 प्रतिशत जीएसटी लागू है। इस फैसले से त्योहारों के मौसम में उपभोक्ताओं को सीधी बचत मिलेगी।
सरकार के इस निर्णय का सीधा असर बाजार और उपभोक्ताओं दोनों पर देखने को मिलेगा। उदाहरण के लिए, 55 इंच के टीवी की खरीद पर ग्राहकों को अब लगभग 3900 रुपये तक की बचत होगी। इसी तरह डिशवॉशर की कीमत में भी लगभग 4000 रुपये की कमी देखने को मिलेगी। वहीं, 1.5 टन एसी की कीमत पर करीब 2700 रुपये तक की बचत होने जा रही है। ऐसे में त्योहारों के मौसम में उपभोक्ताओं को बड़ी राहत मिलेगी और उनकी जेब पर भार भी कम होगा। हालांकि, जो लोग रेफ्रीजरेटर, वॉशिंग मशीन या माइक्रोवेब ओवन खरीदने का प्लान कर रहे हैं, उन्हें कोई फायदा नहीं मिलेगा, क्योंकि इन उत्पादों की कीमतें यथावत रहेंगी।
विशेषज्ञों का मानना है कि इस बदलाव से इलेक्ट्रॉनिक बाजार में मांग बढ़ेगी। उपभोक्ताओं के लिए यह मौका है कि वे नवरात्रि और दिवाली से पहले अपनी जरूरत के महंगे इलेक्ट्रॉनिक उत्पाद सस्ती कीमत पर खरीद सकें। सरकार का यह कदम महंगाई की मार झेल रहे मध्यमवर्गीय परिवारों के लिए राहत भरा साबित होगा। त्योहारों के मौसम में बिक्री बढ़ने की संभावना है, जिससे बाजार में रौनक लौटेगी। हालांकि, उद्योग जगत का कहना है कि भविष्य में अन्य इलेक्ट्रॉनिक उत्पादों की कीमतों पर भी इसी तरह राहत देने की आवश्यकता है।












