Aba News

झारखंड पुलिस मुख्यालय के डाटा सेंटर में भीषण आग, उपकरण और दस्तावेज जलकर राख

रांची। राजधानी रांची के धुर्वा स्थित झारखंड पुलिस मुख्यालय के डाटा सेंटर में मंगलवार की अहले सुबह भीषण आग लगने से अफरा-तफरी मच गई। बताया जा रहा है कि आग इतनी तेजी से फैल गई कि कुछ ही मिनटों में पूरा कमरा धुएं और लपटों से भर गया। सूचना मिलते ही फायर ब्रिगेड की कई गाड़ियां मौके पर पहुंचीं और घंटों की कड़ी मशक्कत के बाद आग पर काबू पाया गया। हालांकि, तब तक वहां रखे कई कंप्यूटर, सर्वर और जरूरी उपकरण पूरी तरह जलकर खाक हो चुके थे। इस घटना में कई महत्वपूर्ण दस्तावेज भी राख में बदल गए हैं।

फिलहाल आग लगने की सटीक वजह का खुलासा नहीं हो पाया है, लेकिन शुरुआती जांच में शॉर्ट सर्किट की आशंका जताई गई है। पुलिस अधिकारियों का कहना है कि तकनीकी विशेषज्ञों की टीम को जांच के लिए लगाया गया है, जो आग लगने के कारणों का पता लगाएगी। गनीमत रही कि घटना के समय कमरे में कोई मौजूद नहीं था, वरना जनहानि भी हो सकती थी। इस हादसे के बाद पुलिस मुख्यालय की सुरक्षा व्यवस्था और अग्निशमन उपकरणों की कार्यक्षमता पर भी सवाल उठने लगे हैं।

जानकारी के अनुसार, झारखंड पुलिस मुख्यालय में आग लगने की यह पहली घटना नहीं है। इससे पहले भी कई बार यहां ऐसे हादसे हो चुके हैं, लेकिन हर बार जांच और आश्वासन के बाद मामला ठंडे बस्ते में चला जाता है। अब एक बार फिर बड़े पैमाने पर डेटा और दस्तावेज नष्ट हो जाने से पुलिस विभाग की कार्यप्रणाली प्रभावित हो सकती है। प्रशासन ने आश्वासन दिया है कि घटना की विस्तृत जांच कराई जाएगी और भविष्य में ऐसी घटनाओं को रोकने के लिए ठोस कदम उठाए जाएंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें