क्रिकेटर हार्दिक पांड्या अक्सर अपने खेल के साथ-साथ निजी जिंदगी को लेकर भी सुर्खियों में रहते हैं। नताशा स्टेनकोविक से तलाक के बाद उनका नाम पहले सिंगर जैस्मिन वालिया से जुड़ा था। हालांकि अब खबरें हैं कि हार्दिक पांड्या मॉडल और एक्ट्रेस माहिका शर्मा को डेट कर रहे हैं। फैंस के बीच यह जानने की उत्सुकता है कि आखिर माहिका शर्मा कौन हैं और उनका करियर किस दिशा में आगे बढ़ा है। मॉडलिंग की दुनिया में माहिका का नाम तेजी से लोकप्रिय हो रहा है और अब उनके और पांड्या के रिश्ते को लेकर चर्चा तेज हो गई है।
माहिका शर्मा पेशे से एक सफल मॉडल और एक्ट्रेस हैं। उन्होंने देश-विदेश के कई नामी डिज़ाइनरों के लिए रैंप वॉक किया है और कई ब्रांड्स के साथ काम किया है। इसके अलावा वे म्यूजिक वीडियो और शॉर्ट फिल्मों में भी नजर आ चुकी हैं। उनकी मेहनत और लगन का ही नतीजा है कि उन्हें इंडियन फैशन अवार्ड्स में “मॉडल ऑफ द ईयर” का सम्मान भी मिल चुका है। दिलचस्प बात यह है कि माहिका न सिर्फ खूबसूरती में बल्कि पढ़ाई में भी अव्वल रही हैं। दसवीं की बोर्ड परीक्षा में उन्होंने परफेक्ट 10 सीजीपीए हासिल किया था और इसके बाद इकोनॉमिक्स और फाइनेंस में यूनिवर्सिटी स्तर पर पढ़ाई पूरी की।
हालांकि उनके माता-पिता चाहते थे कि वह डॉक्टर या इंजीनियर बनें, लेकिन माहिका का झुकाव हमेशा से मॉडलिंग और एक्टिंग की ओर था। उन्होंने गुजरात और दिल्ली के लोकल पेजेंट्स से शुरुआत की और धीरे-धीरे सोशल मीडिया पर अपनी मजबूत पहचान बनाई। फिटनेस और योग के प्रति उनका खास लगाव है, जिसके चलते कॉलेज के बाद उन्होंने योग टीचर ट्रेनिंग भी पूरी की। 2024 में मेकअप एलर्जी के चलते आंखों में इंफेक्शन होने के बावजूद उन्होंने रैंप वॉक कर अपनी प्रोफेशनलिज्म का परिचय दिया। आज माहिका को भारत की टॉप मॉडलों में गिना जाता है और अब उनका नाम हार्दिक पांड्या से जुड़ने के बाद वह और भी ज्यादा चर्चा में हैं।












