Aba News

गिरिडीह में अंचल गोदाम से चोरी, एक आरोपी धराया – दो फरार, पुलिस की छापेमारी जारी

गिरिडीह। बिरनी अंचल के पुराने बंद पड़े गोदाम से सोमवार देर शाम चोरी की बड़ी घटना सामने आई। गोदाम में रखे जेनरेटर और 7 पीस योजना बोर्ड को आरोपी टेम्पो में लोड कर ले जा रहे थे। लेकिन रास्ते में टेम्पो का अगला चक्का उठ गया, जिससे पुराना जेनरेटर और अन्य सामान नीचे गिर पड़ा। सामान गिरने की तेज आवाज सुनकर आसपास के लोग मौके पर पहुंच गए। उसी समय अंचल गार्ड आनंद सिन्हा और भीम राम भी घटनास्थल पर पहुंचे और टेम्पो चालक समेत एक युवक को पकड़ लिया, जबकि दो अन्य मौके से फरार हो गए।
घटना की सूचना मिलते ही बिरनी थाना पुलिस मौके पर पहुंची। एएसआई मृत्युंजय सिंह ने चोरी की सामग्री से भरे टेम्पो को जब्त कर चालक को हिरासत में ले लिया। पूछताछ में चालक ने पहले अपना नाम कपिलो पंचायत के चानो निवासी रोहित साव बताया। लेकिन थाने में कड़ाई से पूछताछ करने पर उसने असली नाम प्रेम साव, निवासी कपिलो पंचायत अंतर्गत रजमनियाँ, पिता रूपलाल साव स्वीकार किया। आरोपी ने चोरी में शामिल अन्य सहयोगियों के नाम भी पुलिस को बताए।
अंचल गार्ड की लिखित शिकायत पर पुलिस ने मामले में प्राथमिकी दर्ज की और गिरफ्तार चालक को जेल भेज दिया। चोरी की घटना में शामिल फरार आरोपियों की तलाश में पुलिस लगातार छापेमारी कर रही है। इस कार्रवाई में थाना प्रभारी आकाश भारद्वाज, पुलिस अवर निरीक्षक देवानंद महतो, लालचंद महतो, सहायक अवर निरीक्षक मृत्युंजय सिंह और रिजर्व गार्ड शामिल रहे।

घटना को लेकर बगोदर-सरिया एसडीपीओ धनंजय राम ने मंगलवार को प्रेस कॉन्फ्रेंस आयोजित कर मामले की जानकारी साझा की। उन्होंने कहा कि चोरी की घटना को गंभीरता से लिया गया है और फरार आरोपियों को जल्द ही गिरफ्तार किया जाएगा। वहीं, इस घटना से क्षेत्र में सुरक्षा व्यवस्था को लेकर सवाल उठने लगे हैं, जिस पर प्रशासन ने निगरानी बढ़ाने का आश्वासन दिया है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें