नई दिल्ली। उपराष्ट्रपति चुनाव 2025 के लिए सोमवार को मतदान शुरू हो गया और दोपहर 3 बजे तक कुल 762 वोट दर्ज किए गए। एनडीए की ओर से सीपी राधाकृष्णन और इंडिया गठबंधन की ओर से बी. सुदर्शन रेड्डी उपराष्ट्रपति पद के उम्मीदवार हैं। अब तक कुल मतदान में 96 प्रतिशत मतदान रिकॉर्ड हो चुका है। संसद भवन में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी, कांग्रेस नेता राहुल गांधी, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान और समाजवादी पार्टी की सांसद डिंपल यादव सहित कई बड़े नेता मतदान करने पहुंचे। एनसीपी नेता प्रफुल्ल पटेल ने कहा कि सीपी राधाकृष्णन को अच्छे मतों से जीत सुनिश्चित है।
कांग्रेस नेता रणदीप सुरजेवाला ने चुनाव पर टिप्पणी करते हुए कहा कि यदि उपराष्ट्रपति चुनाव बैलेट पेपर से हो सकता है, तो सांसदों और विधायकों का चुनाव भी इसी तरीके से क्यों नहीं हो सकता। उन्होंने कहा कि यह चुनाव केवल पद के लिए नहीं, बल्कि आम जनता, किसानों, युवाओं और महिलाओं के अधिकारों की रक्षा के लिए है। उन्होंने यह भी कहा कि कांग्रेस और विपक्षी दल बी. सुदर्शन रेड्डी के नेतृत्व में संविधान और देशहित की लड़ाई लड़ रहे हैं। इसी बीच, केंद्रीय मंत्री चिराग पासवान ने NDA की पूरी एकजुटता को दर्शाते हुए कहा कि सीपी राधाकृष्णन बहुत बड़े अंतर से जीतेंगे।
कर्नाटक के उपमुख्यमंत्री डीके शिवकुमार ने कहा कि इंडिया गठबंधन और विपक्षी दल एनडीए उम्मीदवार के खिलाफ मिलकर चुनाव लड़ेंगे। कांग्रेस सांसद शशि थरूर सहित कई अन्य सांसद भी मतदान करने संसद भवन पहुंचे। केंद्रीय मंत्री और भाजपा अध्यक्ष जेपी नड्डा, रक्षा मंत्री राजनाथ सिंह, कांग्रेस अध्यक्ष मल्लिकार्जुन खरगे, सोनिया गांधी और प्रियंका गांधी भी मतदान कर चुके हैं। केंद्रीय मंत्री अनुप्रिया पटेल ने कहा कि सीपी राधाकृष्णन की जीत सुनिश्चित है और NDA पूरी तरह एकजुट है।












