गिरिडीह के पचम्बा बुढ़वा तालाब स्थित जर्जर सड़क को लेकर सोमवार सुबह स्थानीय लोगों का आक्रोश फूट पड़ा और देखते ही देखते सड़क जाम में बदल गया। सुबह सात बजे से ही ग्रामीणों ने रास्ता अवरुद्ध कर दिया, जिससे बुढ़वा तालाब से परसाटांड तक गाड़ियों की लंबी कतार लग गई और आवागमन घंटों बाधित रहा। सूचना मिलते ही पचम्बा थाना पुलिस मौके पर पहुंची और जाम हटाने का प्रयास किया, लेकिन लोग सड़क निर्माण की ठोस आश्वासन पर अड़े रहे।

लगभग एक घंटे बाद पथ निर्माण विभाग के अधिकारियों से हुई फोन पर वार्ता में यह आश्वासन दिया गया कि टेंडर प्रक्रिया पूरी हो चुकी है और एक सप्ताह के भीतर निर्माण कार्य शुरू हो जाएगा। आश्वासन के बाद लोगों ने जाम हटाया और आवाजाही सामान्य हुई। स्थानीय लोगों का कहना है कि बार-बार की लापरवाही और टूटी सड़क ने जनजीवन को प्रभावित कर दिया है।













