गिरिडीह जिले के छोटकी खरगडीहा चौक पर आज दोपहर करीब दो बजे दर्दनाक हादसा हो गया। बैंक ऑफ इंडिया के सामने सड़क पार कर रही एक बुजुर्ग महिला को तेज रफ्तार ट्रक ने कुचल दिया। हादसे के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने तुरंत महिला को गंभीर हालत में नजदीकी अस्पताल पहुंचाया। प्रत्यक्षदर्शियों के मुताबिक, ट्रक चालक घटना के बाद फरार हो गया, जिसकी तलाश में पुलिस जुटी है। वहीं, घटना स्थल पर लोगों की भीड़ जमा हो गई और आक्रोश भी देखा गया। फिलहाल महिला की स्थिति दयनीय बताई जा रही है और इलाज जारी है।












