गिरिडीह, 30 अगस्त 2025: श्रम, नियोजन, प्रशिक्षण एवं कौशल विकास विभाग, झारखंड रांची के तत्वावधान में जिला नियोजनालय, गिरिडीह द्वारा वित्तीय वर्ष 2025-26 का तृतीय भर्ती कैम्प आयोजित किया गया। इस भर्ती कैम्प का शुभारंभ जिला नियोजन पदाधिकारी मो० इमरान फारूकी ने स्वागत भाषण के साथ किया। कैम्प में जिले के शिक्षित बेरोजगार युवक-युवतियों ने बड़ी संख्या में भाग लिया और रोजगार पाने की उम्मीद के साथ विभिन्न प्रतिष्ठानों के प्रतिनिधियों से मुलाकात की।

आयोजित भर्ती कैम्प में कुल तीन प्रतिष्ठान/संस्थानों ने हिस्सा लिया। इनमें TATA Motors, गिरिडीह ने 05 उम्मीदवारों का चयन किया और उन्हें ऑफर लेटर प्रदान किया गया। इसी तरह Eduvantage Pvt. Ltd. Delhi के लिए कुल 06 अभ्यर्थियों का चयन किया गया और उन्हें भी मौके पर ऑफर लेटर दिए गए। इसके अलावा Balmukund Sponge & Iron Pvt. Ltd. गिरिडीह ने 18 अभ्यर्थियों को शॉर्टलिस्ट किया है, जिन्हें आगे साक्षात्कार प्रक्रिया के बाद अंतिम चयन कर ऑफर लेटर दिए जाएंगे।

जिला नियोजनालय द्वारा आयोजित इस भर्ती कैम्प में युवाओं की भागीदारी उत्साहजनक रही। युवाओं ने इसे रोजगार के अवसर पाने की दिशा में एक सुनहरा मौका बताया। कार्यक्रम के दौरान न केवल चयनित उम्मीदवारों में खुशी देखने को मिली बल्कि अन्य प्रतिभागियों ने भी भविष्य में और अवसर मिलने की उम्मीद जताई। इससे साफ है कि ऐसे भर्ती कैम्प जिले के युवाओं के लिए एक बड़ी पहल साबित हो रहे हैं।

भर्ती कैम्प के सफल आयोजन में जिला नियोजनालय के कर्मियों की भी अहम भूमिका रही। मो० इमरान फारूकी ने बताया कि भविष्य में भी बेरोजगार युवाओं के हित में इसी तरह भर्ती कैम्प आयोजित किए जाएंगे। उन्होंने कहा कि जिला प्रशासन का प्रयास है कि अधिक से अधिक युवाओं को रोजगार उपलब्ध कराया जाए। इस अवसर पर कार्यालय के युवा प्रोफेशनल सुमित कुमार, कंप्यूटर ऑपरेटर प्रमोद बेदिया, अनुसेवक मनोहर मुर्मू, रंजीत दास और सुरक्षा प्रहरी का सहयोग भी सराहनीय रहा।












