गिरिडीह जिला कांग्रेस कमेटी की ओर से शनिवार को नया परिषदन भवन में आयोजित प्रेस वार्ता में जिला अध्यक्ष धनंजय सिंह ने जानकारी दी कि 2 से 5 सितंबर तक जिले में संगठन सृजन कार्यक्रम के तहत विशेष आयोजन होगा। उन्होंने बताया कि कांग्रेस पार्टी में संगठन फेरबदल और नए जिला अध्यक्ष के चुनाव को लेकर सभी जिलों में पर्यवेक्षक नियुक्त किए गए हैं।

गिरिडीह के लिए गुजरात से विधायक इमरान खेड़ावाला को मुख्य पर्यवेक्षक बनाया गया है, जिनके साथ पूर्व मंत्री जेपी पटेल, विधायक सोनाराम सिंकू और आभा सिन्हा सहायक पर्यवेक्षक रहेंगे। इस दौरान पर्यवेक्षक जिले के विभिन्न प्रखंडों और मंडल अध्यक्षों से मिलकर लोगों की राय लेंगे और रिपोर्ट दिल्ली हेड क्वार्टर भेजी जाएगी। धनंजय सिंह ने बताया कि संभावना है अक्टूबर में गिरिडीह को नया जिला अध्यक्ष मिल जाएगा। प्रेस वार्ता में प्रदेश सचिव अजय कुमार सिंहा उर्फ मंटू समेत कई नेता और कार्यकर्ता मौजूद रहे।












