गिरिडीह के पचम्बा थाना सभागार में मंगलवार को शांति समिति की बैठक आयोजित की गई, जिसकी अध्यक्षता इंस्पेक्टर मंटू कुमार ने की। बैठक में आगामी गणेश चतुर्थी और ईद मिलादुन्नबी पर्व को शांतिपूर्ण और सौहार्दपूर्ण माहौल में मनाने की अपील की गई। इंस्पेक्टर मंटू कुमार ने कहा कि पचम्बा थाना क्षेत्र में सभी धर्मों के पर्व हमेशा भाईचारे के साथ मनाए जाते रहे हैं और आगे भी इस परंपरा को कायम रखते हुए मिलजुलकर पर्व मनाने की आवश्यकता है।

थाना प्रभारी राजीव कुमार ने लोगों से आग्रह किया कि सोशल मीडिया पर किसी भी तरह की धार्मिक भावनाओं को भड़काने वाली पोस्ट न करें और किसी संदिग्ध वस्तु या व्यक्ति को देखकर तुरंत पचम्बा थाना को सूचना दें। बैठक में अनवर अंसारी, सिराज अंसारी, पवन कंधवे, हारून रसीद, चाँद रसीद, निरंजन रॉय समेत कई गणमान्य लोग मौजूद रहे।












