गिरिडीह जिले के मुफ्फसिल थाना क्षेत्र में अवैध संबंध के शक में हुए कंचन देवी हत्याकांड का पुलिस ने महज 24 घंटे के भीतर खुलासा कर दिया। पुलिस ने आरोपी पति गोपी दास (26 वर्ष, पिता- राजेंद्र दास उर्फ लोधा दास, निवासी सात नंबर योगीटांड) को गिरफ्तार कर लिया है। गिरफ्तारी के दौरान हत्या में प्रयुक्त धारदार हथियार (उस्तुरा) और खून से सने कपड़े भी बरामद किए गए। मामला 25 अगस्त का है, जब सूचना मिली थी कि एक युवक ने पत्नी पर धारदार हथियार से हमला कर गंभीर रूप से घायल कर दिया।

इलाज के दौरान कंचन देवी की मौत हो गई। घटना की गंभीरता को देखते हुए एसपी डॉ. विमल कुमार के निर्देशन और एसडीपीओ सदर जितवाहन उरांव के नेतृत्व में विशेष टीम बनाई गई थी, जिसमें थाना प्रभारी श्याम किशोर महतो समेत कई पुलिसकर्मी शामिल थे। जांच में यह भी सामने आया कि आरोपी ने पहले पत्नी की गुमशुदगी की सूचना थाना में दी थी, लेकिन महिला को सकुशल बरामद कर उसे सौंपा गया। घर ले जाते वक्त शक के आधार पर उसने पत्नी की हत्या कर दी। आरोपी को न्यायिक हिरासत में भेजा जा रहा है।













