Aba News

धनबाद के बाघमारा में फायरिंग: मुखिया पति और कोयला कारोबारी शंकर बेलदार पर हमला, पेट और पैर में गोली

धनबाद जिले के बाघमारा प्रखंड अंतर्गत मंदरा पंचायत की मुखिया ललिता देवी के पति शंकर बेलदार पर सोमवार को अज्ञात अपराधियों ने जानलेवा हमला कर दिया। घटना बीसीसीएल बरोरा क्षेत्रीय कार्यालय के समीप डूमरा-फुलारीटांड़ सड़क पर घटी।

तीन बाइक पर सवार हमलावरों ने शंकर पर ताबड़तोड़ फायरिंग की। इसमें एक गोली उनके पेट और दूसरी पैर के अंगूठे में लगी। घायल अवस्था में शंकर किसी तरह भागकर बरोरा क्षेत्रीय कार्यालय पहुंचे, जहां गार्डों और कर्मियों की मदद से उन्हें एसजेएस अस्पताल, धनबाद ले जाया गया। चिकित्सकों ने उनकी स्थिति खतरे से बाहर बताई है।

घटना की सूचना मिलते ही एसडीपीओ पुरुषोत्तम कुमार समेत पुलिस की कई टीमें मौके पर पहुंचीं। घटनास्थल से दो खोखा बरामद किया गया। पुलिस ने शंकर का बयान दर्ज कर लिया है और मामले को आपसी रंजिश मान रही है।

सूत्रों के अनुसार, शंकर का सोमवार दोपहर एक युवक विशु से विवाद हुआ था, जिसने उन्हें धमकी दी थी। विशु पर पहले से कई आपराधिक मामले दर्ज हैं और वह अवैध धंधेबाजों से जुड़ा बताया जाता है। पुलिस ने उसे मुख्य संदिग्ध मानकर छापेमारी शुरू कर दी है।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें