जिला उपायुक्त रामनिवास यादव ने शनिवार को देवरी प्रखंड अंतर्गत बांसडीह पंचायत का निरीक्षण किया और केंद्र एवं राज्य सरकार की विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं की अद्यतन स्थिति की जानकारी ली। निरीक्षण के क्रम में उन्होंने अबुआ आवास, पीएम आवास योजना और मनरेगा जैसे कार्यों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।

उपायुक्त ने स्पष्ट कहा कि योजनाओं का लाभ आमजन तक पारदर्शी ढंग से पहुँचना चाहिए, इसके लिए किसी भी स्तर पर लापरवाही बर्दाश्त नहीं की जाएगी। उन्होंने पंचायत सचिव को कार्यशैली में सुधार लाने का निर्देश दिया और बीपीओ व रोजगार सेवक को लक्ष्य आधारित कार्ययोजना तैयार कर समय पर आवास योजनाओं को पूरा करने का आदेश दिया।

साथ ही मनरेगा जॉब कार्ड और चल रहे कार्यों की समीक्षा कर अधिक से अधिक मानव दिवस सृजित करने तथा ग्रामीणों को रोजगार उपलब्ध कराने पर बल दिया। उपायुक्त ने कहा कि आमजनों के हित के लिए संचालित योजनाओं को धरातल पर सफल बनाना जिला प्रशासन की प्राथमिकता है और इसके लिए सभी अधिकारियों को सक्रिय रहकर कार्य करना होगा।












