गुमला जैसे ग्रामीण और पलायन-प्रवण जिले के लिए यह बड़ी खबर है। जहां रोज़गार की तलाश में युवाओं को घर-परिवार छोड़कर महानगरों का रुख करना पड़ता है, वहीं अब गुमला जिले में ही नौकरी का सुनहरा अवसर आया है। सिक्योरिटी एंड इंटेलिजेंस सर्विस इंडिया लिमिटेड (SIS) ने घोषणा की है कि जिले के विभिन्न प्रखंडों में 27 अगस्त से 12 सितंबर 2025 तक रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा। इस मेले में 700 युवाओं की भर्ती की जाएगी, जिनमें 500 सुरक्षा जवान, 100 सुरक्षा सुपरवाइजर और 100 अधिकारी शामिल होंगे। यह पहल गुमला के उन युवाओं के लिए आशा की किरण है जो बेरोजगारी और पलायन से जूझ रहे हैं।
भर्ती के लिए योग्यता भी सरल रखी गई है। सुरक्षा जवान के पद पर आवेदन के लिए मैट्रिक पास या फेल दोनों मान्य हैं, सुपरवाइजर के लिए न्यूनतम इंटर पास और अधिकारी के लिए स्नातक पास होना आवश्यक है। उम्र सीमा 18 से 37 वर्ष के बीच रखी गई है, जबकि सुरक्षा जवान के लिए 21 से 37 वर्ष की आयु और न्यूनतम 168 सेमी लंबाई जरूरी होगी। चयनित युवाओं को 14,000 से 32,000 रुपये तक वेतन मिलेगा और रिटायरमेंट की उम्र 65 वर्ष तय है। साथ ही, उन्हें प्रमोशन, पेंशन, पीएफ, मेडिकल सुविधा, इंश्योरेंस और बच्चों की पढ़ाई जैसी सुविधाएं भी उपलब्ध होंगी।
SIS के डिप्टी कमांडेंट अरुण यादव ने बताया कि यह गुमला के बेरोजगार युवाओं के लिए सुनहरा अवसर है और इसका आयोजन क्रमवार हर प्रखंड में किया जाएगा। 27 अगस्त को भरनो प्रखंड से शुरुआत होगी और 12 सितंबर को गुमला प्रखंड में इसका समापन होगा। रोज़ाना सुबह 11 बजे से शाम 4 बजे तक चलने वाले इस भर्ती शिविर में आसपास के प्रखंडों के अभ्यर्थी भी शामिल हो सकते हैं। यह रोजगार मेला न केवल गुमला की तस्वीर बदलेगा बल्कि युवाओं को स्थानीय स्तर पर सम्मानजनक नौकरी देकर उनके भविष्य को सुरक्षित बनाने की दिशा में मील का पत्थर साबित हो सकता है।












