झारखंड की तस्वीर बदलने जा रहा है एक बड़ा प्रोजेक्ट। केंद्रीय सड़क परिवहन एवं राजमार्ग मंत्री नितिन गडकरी ने झारखंड को सड़कों का ऐसा तोहफा दिया है, जो सीधे तौर पर यहां की जनता की ज़िंदगी आसान करेगा। भाजपा सांसद निशिकांत दुबे ने जानकारी दी कि राज्य में कई बड़े सड़क प्रोजेक्ट्स को मंजूरी मिल चुकी है, जिन पर हजारों करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। दुबे ने कहा कि यह विकास कार्य प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और नितिन गडकरी की देन है, जिसके लिए उन्होंने दोनों नेताओं का आभार व्यक्त किया।
निशिकांत दुबे के मुताबिक, महगामा से एकचारी तक चार लेन की सड़क का निर्माण होगा, जिसकी लागत करीब 1500 करोड़ रुपये आएगी। वहीं, देवघर से हंसडिहा तक चार लेन की सड़क बनेगी, जिस पर 1700 करोड़ रुपये खर्च किए जाएंगे। यही नहीं, देवघर से मधुपुर तक चार लेन की सड़क के साथ एक बाईपास भी बनाया जाएगा, जिस पर कुल 2500 करोड़ रुपये की राशि खर्च होगी। इन प्रोजेक्ट्स के पूरे होने के बाद गोड्डा, देवघर और आसपास के इलाकों की कनेक्टिविटी बेहतर होगी, जिससे उद्योग, व्यापार और पर्यटन को भी बढ़ावा मिलेगा।
सांसद दुबे ने बताया कि हंसडिहा के म्हारो मोड़ से होकर नोनीहाट तक एक नया राष्ट्रीय राजमार्ग भी बनाया जाएगा। उनका कहना है कि अब लोगों को टूटी-फूटी सड़कों की समस्या से निजात मिलेगी और यात्रियों को सुरक्षित, तेज़ और सुविधाजनक आवागमन का लाभ मिलेगा। झारखंड की जनता लंबे समय से बेहतर सड़कों की उम्मीद कर रही थी, और अब यह सपना पूरा होता दिख रहा है।












