भारतीय सेना में शामिल होने का सपना देखने वाले मेडिकल क्षेत्र के युवाओं और डॉक्टरों के लिए बड़ी खुशखबरी है। इंडियन आर्मी ने डेंटल कॉर्प्स शॉर्ट सर्विस कमीशन भर्ती 2025 के लिए आधिकारिक नोटिफिकेशन जारी कर दिया है। इस भर्ती के जरिए उम्मीदवारों को न केवल देश की सेवा करने का मौका मिलेगा बल्कि अपने करियर को भी नई दिशा देने का सुनहरा अवसर प्राप्त होगा। आवेदन प्रक्रिया शुरू हो चुकी है और इच्छुक उम्मीदवार join.afms.gov.in वेबसाइट पर जाकर ऑनलाइन आवेदन कर सकते हैं।
आवेदन की अंतिम तिथि 17 सितंबर 2025 निर्धारित की गई है, इसलिए उम्मीदवारों को सलाह दी जाती है कि समय रहते फॉर्म भरें। पात्रता की बात करें तो अभ्यर्थी के पास डेंटल काउंसिल ऑफ इंडिया (DCI) से मान्यता प्राप्त कॉलेज या यूनिवर्सिटी से BDS या MDS की डिग्री होना आवश्यक है। वहीं आयु सीमा न्यूनतम 21 वर्ष और अधिकतम 45 वर्ष रखी गई है। आरक्षित वर्ग को नियमानुसार छूट भी दी जाएगी। लंबाई का मापदंड भी तय है – पुरुषों के लिए न्यूनतम 157 सेमी और महिलाओं के लिए 152 सेमी। जबकि पहाड़ी और उत्तर-पूर्वी राज्यों के अभ्यर्थियों के लिए पुरुषों की लंबाई 152 सेमी और महिलाओं की 147 सेमी होनी चाहिए।
फॉर्म भरने के दौरान सभी उम्मीदवारों को 200 रुपये आवेदन शुल्क का भुगतान ऑनलाइन करना अनिवार्य होगा। बिना शुल्क वाले आवेदन स्वीकार नहीं किए जाएंगे। सेना ने स्पष्ट किया है कि इच्छुक उम्मीदवारों को अंतिम समय की परेशानी से बचने के लिए समय पर आवेदन करना चाहिए। अधिक जानकारी और विस्तृत दिशा-निर्देश उम्मीदवार आधिकारिक वेबसाइट join.afms.gov.in से प्राप्त कर सकते हैं।












