दक्षिण अफ्रीका के बाएं हाथ के करिश्माई स्पिनर केशव महाराज ने अपने शानदार प्रदर्शन से पूरी क्रिकेट दुनिया का ध्यान अपनी ओर खींचा है। ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ खेले गए वनडे मुकाबले में उन्होंने 10 ओवर में सिर्फ 33 रन देकर 5 विकेट झटके और इसी दमदार गेंदबाजी के दम पर आईसीसी की ताजा वनडे गेंदबाजों की रैंकिंग में पहली बार नंबर-1 स्थान हासिल कर लिया। 687 अंकों के साथ महाराज अब शीर्ष पर पहुंच गए हैं, जबकि श्रीलंका के महेश तीक्ष्णा दूसरे और भारत के कुलदीप यादव तीसरे स्थान पर खिसक गए हैं।
इस बड़ी उपलब्धि के बाद आईसीसी रैंकिंग में भी बड़ा उलटफेर हुआ है। चौथे स्थान पर नामीबिया के बर्नार्ड स्कोल्ट्ज, पांचवें पर अफगानिस्तान के राशिद खान, छठे पर न्यूजीलैंड के मिचेल सेंटनर और सातवें पर मैट हेनरी मौजूद हैं। वहीं आठवें पायदान पर श्रीलंका के वानिंदु हसरंगा, नौवें पर भारत के रवींद्र जडेजा और दसवें पर ऑस्ट्रेलिया के एडम जंपा हैं। खास बात यह है कि टॉप-10 की इस लिस्ट में सिर्फ मैट हेनरी ही तेज गेंदबाज हैं, जबकि बाकी सभी खिलाड़ी स्पिनर हैं, जो मौजूदा क्रिकेट में स्पिन गेंदबाजी के दबदबे को दर्शाता है।
इतना ही नहीं, महाराज ने इस मैच में एक और ऐतिहासिक उपलब्धि हासिल की। वह दक्षिण अफ्रीका के पहले ऐसे स्पिनर बन गए हैं, जिन्होंने 300 अंतरराष्ट्रीय विकेट पूरे किए। उनके नाम अब तक 59 टेस्ट में 203 विकेट, 49 वनडे में 63 विकेट और 39 टी-20 इंटरनेशनल में 38 विकेट दर्ज हैं। कुल मिलाकर उनके खाते में 304 विकेट हो चुके हैं। हालांकि, दक्षिण अफ्रीका के सबसे ज्यादा विकेट लेने वाले गेंदबाज की सूची में वह अभी दिग्गज शॉन पोलॉक से काफी पीछे हैं, जिनके नाम 823 अंतरराष्ट्रीय विकेट हैं। लेकिन इसमें कोई शक नहीं कि महाराज का नाम अब क्रिकेट के दिग्गज स्पिनरों की लिस्ट में शुमार हो चुका है।












