गिरिडीह जिले के डुमरी स्थित वेद वाटिका सभागार में बुधवार को पिछड़ा वर्ग संघर्ष मोर्चा का जिला सम्मेलन उत्साह और जोश के साथ सम्पन्न हुआ। सैकड़ों सामाजिक कार्यकर्ता और बुद्धिजीवी इसमें शामिल हुए। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला संयोजक रोहित कुमार शर्मा ने की जबकि संचालन प्रो. सुरेंद्र कुशवाहा ने किया। मुख्य अतिथि मोर्चा के केंद्रीय अध्यक्ष सह पूर्व विधायक प्रो. जय प्रकाश वर्मा ने कहा कि पूर्व नेताओं के संघर्ष के बावजूद पिछड़ा वर्ग आज भी अपने हक से वंचित है। उन्होंने स्पष्ट कहा कि जब तक संगठित आंदोलन नहीं होगा, तब तक आरक्षण और अधिकार की लड़ाई अधूरी रहेगी।

सम्मेलन में पूर्व सांसद भुनेश्वर मेहता, पूर्व विधायक डॉ. लम्बोदर महतो, कार्यकारी अध्यक्ष डॉ. दिलीप सोनी समेत कई वरिष्ठ नेता मौजूद रहे। वक्ताओं ने सरकार पर आरक्षण लागू करने में उदासीनता का आरोप लगाया और कहा कि जैसे तमिलनाडु व आंध्रप्रदेश ने आरक्षण की सीमा बढ़ाई है, वैसे ही झारखंड में भी कदम उठाना चाहिए। सम्मेलन में यह भी तय हुआ कि आने वाले दिनों में गांव-गांव जागरूकता अभियान चलाया जाएगा और युवाओं को संगठन से जोड़ा जाएगा। इसी दौरान रोहित कुमार शर्मा को गिरिडीह का जिला अध्यक्ष मनोनीत किया गया।













