गिरिडीह के पचंबा गर्ल्स हाई स्कूल में इनरव्हील क्लब ऑफ गिरिडीह सनशाइन ने 20 अगस्त 2025 से एडल्ट लिटरेसी प्रोग्राम की शुरुआत की। PDC पूनम सहाय ने इस केंद्र का उद्घाटन किया और महिलाओं से संवाद करते हुए शिक्षा के महत्व पर जोर दिया। उन्होंने कहा कि साक्षरता न केवल आत्मनिर्भरता लाती है, बल्कि यह महिलाओं को अपने अधिकारों के प्रति जागरूक बनाकर समाज में उनका सम्मान बढ़ाती है। इस पहल में स्कूल की प्रधानाचार्या शमा परवीन का विशेष सहयोग रहा।

इस कार्यक्रम के तहत सप्ताह में तीन दिन कक्षाएं आयोजित होंगी, जिन्हें क्लब की सदस्याएं स्वयं संचालित करेंगी, और अनुपस्थित होने पर प्रधानाचार्या कक्षा लेंगी। कार्यक्रम में क्लब अध्यक्ष कविता राजगढ़िया, सचिव स्मृति आनंद, संगीता सिंह और अन्य सदस्य भी मौजूद रहीं। इनरव्हील क्लब की यह पहल महिला सशक्तिकरण की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम है, जो आने वाले समय में अनेक महिलाओं की जिंदगी में रोशनी बिखेरेगा।













