गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव ने आज साप्ताहिक जनता दरबार में जिलेभर से आए लोगों की समस्याएं सुनीं और कई मामलों का मौके पर ही समाधान कराया। भूमि विवाद, पेंशन, राशन, स्वास्थ्य सुविधा, पेयजल, शिक्षा विभाग और विभिन्न योजनाओं से जुड़ी समस्याएं प्रमुख रूप से सामने आईं। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को त्वरित कार्रवाई करने का निर्देश देते हुए कहा कि लंबित मामलों का प्राथमिकता के साथ समयबद्ध निष्पादन होना चाहिए ताकि आमजन को तत्काल राहत मिल सके।

उन्होंने साफ कहा कि जनता दरबार सिर्फ औपचारिकता नहीं, बल्कि जनता और प्रशासन के बीच सीधा संवाद का सेतु है। उपायुक्त ने लोगों को भरोसा दिलाया कि मंगलवार और शुक्रवार को आयोजित जनता दरबार के अलावा भी वे कभी भी अपनी समस्याएं समाहरणालय आकर रख सकते हैं और प्रशासन उनके आवेदन का त्वरित निराकरण करेगा। उनका कहना था कि ज़िला प्रशासन का प्रयास है कि हर नागरिक तक प्रभावी ढंग से पहुँचा जाए और भरोसे का माहौल कायम हो।













