गिरिडीह शहरी क्षेत्र के हुट्टी बाजार स्थित संकट मोचन मंदिर में रविवार की रात श्रीकृष्ण जन्माष्टमी का भव्य आयोजन किया गया। यादव महासभा द्वारा आयोजित भक्ति जागरण में सैकड़ों श्रद्धालुओं ने भाग लिया और देर रात तक भक्ति गीतों व जयकारों से पूरा माहौल गूंजता रहा।

कार्यक्रम में मुख्य अतिथि के रूप में कोडरमा सांसद प्रतिनिधि दिनेश यादव शामिल हुए। बाहर से आए कलाकारों ने कृष्ण भक्ति से ओतप्रोत भजन प्रस्तुत कर श्रद्धालुओं को भावविभोर कर दिया। वहीं, कृष्ण रासलीला, हनुमान जी और महाकाल की आकर्षक झांकियों ने कार्यक्रम को और भी विशेष बना दिया। श्रद्धालुओं ने इसे भक्ति और उत्सव का अद्भुत संगम बताया।













