गिरिडीह में झारखंड लोकल बॉडीज इम्प्लाइज फेडरेशन के आह्वान पर नगर निगम के कर्मियों ने एक दिवसीय भूख हड़ताल कर सरकार के खिलाफ जमकर नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों का कहना है कि सरकार ने बार-बार लिखित समझौता करने के बावजूद उनकी 6 सूत्री मांगों को अब तक लागू नहीं किया।

खासकर दैनिक वेतनभोगी कर्मियों की सेवा नियमित करने के वादे को आज तक अमल में नहीं लाया गया है। भूख हड़ताल के कारण नगर निगम का पूरा कामकाज ठप पड़ गया और आमजन को परेशानियों का सामना करना पड़ा।

फेडरेशन के अशोक सिंह ने बताया कि राज्यभर में यह आंदोलन सरकार की वादाखिलाफी के खिलाफ है। उन्होंने चेतावनी दी कि अगर जल्द मांगें पूरी नहीं की गईं तो आगामी 21 अगस्त को जिला स्तर पर प्रदर्शन, 29 अगस्त को मुख्यमंत्री आवास का घेराव और 6 सितंबर को नगर विकास मंत्री के घर का घेराव किया जाएगा।

साथ ही 12 सितंबर से पूरे राज्य में अनिश्चितकालीन हड़ताल की शुरुआत होगी। मौके पर निगम के सभी कर्मचारी भारी संख्या में मौजूद रहे और सरकार के खिलाफ आक्रोश जाहिर किया।












