Aba News

एशिया कप 2025: शुभमन गिल टीम से बाहर! श्रेयस अय्यर की होगी एंट्री, चयनकर्ताओं का बड़ा फैसला

एशिया कप 2025 को लेकर भारतीय क्रिकेट टीम की तैयारियां ज़ोरों पर हैं। 19 अगस्त को अजीत अगरकर की अगुवाई में चयन समिति की अहम बैठक होने जा रही है, जिसमें टीम इंडिया का ऐलान किया जाएगा। रिपोर्ट्स के मुताबिक इस बार चयनकर्ता कुछ कड़े फैसले लेने की तैयारी में हैं। सबसे बड़ा झटका शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल को लग सकता है, जिन्हें एशिया कप की टीम से बाहर किया जा सकता है। दूसरी ओर, श्रेयस अय्यर की टीम में वापसी लगभग तय मानी जा रही है। कप्तान सूर्यकुमार यादव पूरी तरह फिट हो चुके हैं और चयनकर्ताओं का रुख उन खिलाड़ियों की ओर झुका है, जिन्होंने हालिया टी20 सीरीज में शानदार प्रदर्शन किया था।

सूत्रों की मानें तो शुभमन गिल की गैरमौजूदगी और रोहित शर्मा की संन्यास के बाद संजू सैमसन और अभिषेक शर्मा को बतौर ओपनर मौका मिला, जिसे उन्होंने बखूबी निभाया है। ऐसे में चयनकर्ता इस सफल कॉम्बिनेशन को बनाए रखना चाहते हैं। स्पोर्टस्टार की रिपोर्ट के अनुसार, अजीत अगरकर और उनकी टीम वही स्क्वॉड बरकरार रखना चाहते हैं, जिसने गौतम गंभीर की कोचिंग में शानदार प्रदर्शन कर भारत को कई जीत दिलाई। साथ ही श्रेयस अय्यर और विकेटकीपर जितेश शर्मा के नाम पर भी मुहर लग सकती है। जितेश ने आईपीएल में आरसीबी के लिए धमाकेदार बल्लेबाजी कर टीम को खिताब दिलाया, जबकि अय्यर ने पंजाब किंग्स को फाइनल तक पहुंचाया और बेहतरीन स्ट्राइक रेट से रन बनाए।

चयनकर्ताओं के सामने अब चुनौती होगी कि अय्यर की वापसी के लिए किसे बाहर किया जाए। कयास लगाए जा रहे हैं कि रिंकू सिंह या शिवम दुबे में से किसी एक को जगह गंवानी पड़ सकती है। एशिया कप का आगाज़ 10 सितंबर से होगा, जहां भारत अपना पहला मैच यूएई के खिलाफ खेलेगा। इसके बाद 14 सितंबर को भारत-पाकिस्तान का महामुकाबला दुबई में होगा। वहीं, 19 सितंबर को भारत ओमान से भिड़ेगा। ग्रुप ए में भारत, पाकिस्तान, यूएई और ओमान शामिल हैं। ग्रुप की टॉप 2 टीमें सुपर-4 में जगह बनाएंगी। क्रिकेट प्रेमियों की निगाहें अब चयन समिति के फैसले पर टिकी हैं कि क्या सचमुच शुभमन गिल और यशस्वी जायसवाल टीम से बाहर हो जाएंगे और श्रेयस अय्यर मिडिल ऑर्डर का नया चेहरा बनेंगे।

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

यह भी पढ़ें