बिहार के सासाराम से रविवार को महागठबंधन की वोटर अधिकार यात्रा की शुरुआत हुई, जिसमें राहुल गांधी और तेजस्वी यादव समेत इंडिया गठबंधन के कई दिग्गज नेता शामिल हुए। 16 दिन की इस यात्रा में 25 जिलों से गुजरकर जनता को जागरूक किया जाएगा। राहुल गांधी ने सभा को संबोधित करते हुए केंद्र सरकार और चुनाव आयोग पर गंभीर आरोप लगाए। उन्होंने कहा कि महाराष्ट्र में लोकसभा चुनाव के बाद चुनाव आयोग ने जादुई ढंग से एक करोड़ नए वोटर पैदा कर दिए, और जहां-जहां ये नए वोटर जुड़े वहां भाजपा गठबंधन जीत गया।
राहुल ने कहा कि बिहार में वोट चोरी की कोशिशें हो रही हैं, लेकिन गरीबों और वंचितों के मताधिकार की रक्षा के लिए यह लड़ाई हर हाल में लड़ी जाएगी। उन्होंने कहा कि अब यह छुपा नहीं है कि वोट चोरी कैसे होती है—एसआईआर सिस्टम के जरिए देशभर में हेरफेर की जा रही है। राहुल ने कहा, “हम पूरे बिहार की जनता को यह सच्चाई दिखाएंगे, चाहे महाराष्ट्र हो, बंगाल, असम या बिहार, जहां भी वोट चोरी होगी, हम उसे जनता के सामने उजागर करेंगे।”
उन्होंने आगे कहा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी अरबपतियों के साथ मिलकर सरकार चला रहे हैं, और देश का धन कुछ गिने-चुने उद्योगपतियों को सौंपा जा रहा है। राहुल गांधी ने वादा किया कि अगर इंडिया गठबंधन की सरकार बनती है तो जातीय जनगणना कराई जाएगी और आरक्षण की 50% सीमा की दीवार तोड़ी जाएगी ताकि हर वर्ग को उसका हक मिले। राहुल ने कहा कि यह सिर्फ राजनीतिक संघर्ष नहीं है बल्कि संविधान, लोकतंत्र और गरीबों के अधिकारों की रक्षा की लड़ाई है।












