रांची में श्रीकृष्ण जन्माष्टमी को लेकर माहौल भक्तिमय हो चुका है। श्रीकृष्ण जन्मोत्सव समिति की ओर से 16 और 17 अगस्त को दो दिवसीय आयोजन रखा गया है। 16 अगस्त को बाल गोपाल झांकी प्रतियोगिता के साथ उत्सव की शुरुआत होगी। दोपहर 3 बजे सामाजिक, धार्मिक और व्यावसायिक संस्थाओं के साथ-साथ विशिष्ट लोगों द्वारा भव्य झांकी का उद्घाटन किया जाएगा। इस अवसर पर कोलकाता से आए 65 से अधिक कलाकार भगवान राधा-कृष्ण की भावपूर्ण नृत्य नाटिका और नरसिंहावतार की प्रस्तुति देंगे। साथ ही, समुद्र मंथन और ऑपरेशन सिंदूर जैसी विशेष झांकियों का प्रदर्शन भी होगा, जिसे देखने भक्तों की भीड़ उमड़ेगी।
बाल गोपाल स्वरूप प्रतियोगिता में 10 वर्ष तक के बच्चे और बच्चियां श्रीकृष्ण के विभिन्न रूपों में भाग ले सकेंगे। समिति ने प्रतियोगिता के लिए प्रथम, द्वितीय और तृतीय पुरस्कार की घोषणा की है। खास बात यह है कि प्रतिभाग करने वाले सभी बच्चों को सांत्वना पुरस्कार भी दिया जाएगा। आयोजन समिति ने कहा कि इस तरह की प्रतियोगिताएं बच्चों में संस्कृति और परंपरा के प्रति लगाव पैदा करती हैं।
भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव पर मोटे अनाज से बने प्रसाद के साथ-साथ माखन-मिश्री, पंजीरी, फल और रबड़ी का भोग लगाया जाएगा। इसके बाद यह प्रसाद श्रद्धालुओं के बीच वितरित किया जाएगा। आयोजकों का कहना है कि मोटे अनाज का भोग लगाना आज के समय में स्वास्थ्य और परंपरा दोनों की दृष्टि से महत्वपूर्ण है।
17 अगस्त को दही-हांडी प्रतियोगिता का आयोजन होगा, जिसमें पुरुष और महिला दोनों गोविंदा दल हिस्सा ले सकेंगे। इसके लिए 16 अगस्त तक पंजीकरण कराना अनिवार्य है। इच्छुक प्रतिभागी मेन रोड केडिया साइकिल, चुटिया में सतीश सिंह (9431101328) से संपर्क कर सकते हैं। आयोजन को सफल बनाने में समिति के संरक्षक सीपी सिंह, संजय सेठ, अध्यक्ष मुकेश काबरा, महासचिव रविंद्र मोदी समेत बड़ी संख्या में सदस्य जुटे हुए हैं।












