79वें स्वतंत्रता दिवस पर गिरिडीह जिला पूरी तरह देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। स्थानीय झंडा मैदान में राज्य के शिक्षा, नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार ने गर्व से राष्ट्रीय ध्वज फहराया।

इसके बाद जिला पुलिस बल के जवानों और विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने आकर्षक परेड से सबका दिल जीत लिया। कार्यक्रम को देखने के लिए मैदान में भारी भीड़ उमड़ी और हर चेहरा आज़ादी के जश्न में खिल उठा।

कार्यक्रम के समापन पर विभिन्न विद्यालयों की छात्राओं ने देशभक्ति गीत और सांस्कृतिक प्रस्तुतियों से माहौल को और भी जोशभरा बना दिया।

खास बात यह रही कि बच्चों ने अलग-अलग राज्यों की भाषाओं और परंपराओं को नृत्य के जरिए पेश किया, जिससे “एक भारत, श्रेष्ठ भारत” का संदेश गूंज उठा। मौके पर गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार समेत जिले के वरीय अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे।












