गिरिडीह 79वें स्वतंत्रता दिवस पर देशभक्ति के रंग में रंगा नजर आया। स्थानीय झंडा मैदान में झारखंड सरकार के शिक्षा, नगर विकास एवं आवास मंत्री सुदिव्य कुमार ने राष्ट्रीय ध्वज फहराकर कार्यक्रम की शुरुआत की। जिला पुलिस बल के जवानों और विभिन्न विद्यालयों के बच्चों ने शानदार परेड व सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए, जिसे देखने हजारों की भीड़ उमड़ी। मंत्री सुदिव्य कुमार ने झंडोतोलन के बाद जिले का नाम रोशन करने वाले प्रतिभाशाली नागरिकों को सम्मानित किया और राज्य में जारी विकास कार्यों का उल्लेख करते हुए कहा कि सरकार जनता के हित में लगातार प्रयासरत है। कार्यक्रम में गिरिडीह के उपायुक्त रामनिवास यादव, पुलिस अधीक्षक डॉ. विमल कुमार सहित जिले के सभी वरीय अधिकारी और गणमान्य लोग मौजूद रहे। पूरे शहर में तिरंगे की शान और ‘वंदे मातरम्’ की गूंज से माहौल रोमांचित हो उठा।












